दो लाख रिश्वत लेते इंजीनियर के घर से 32 लाख रुपये बरामद
तेलंगाना के पेड्डापल्ली नगर पालिका के सहायक अभियंता सतीश कुमार को 2 लाख रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि उन्होंने ठेकेदार के 12,28,748 रुपये के बिल की मंजूरी के लिए रिश्वत मांगी थी। अभियंता के घर से 32,31,900 रुपये भी बरामद हुए हैं और आगे की जांच जारी है।

तेलंगाना में नगर पालिका का अभियंता गिरफ्तार हैदराबाद, एजेंसी। हैदराबाद में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने मंगलवार को पेड्डापल्ली नगर पालिका के एक सहायक अभियंता को ठेकेदार का बिल पास करने के एवज दो लाख रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। एसीबी के मुताबिक, पेड्डापल्ली जिले के नगर पालिका कार्यालय में सहायक अभियंता 33 वर्षीय सतीश कुमार को ब्यूरो की करीमनगर शाखा ने उनके घर पर रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ा। इसके साथ ही इंजीनियर के घर की तलाशी लेने पर 32,31,900 रुपये बरामद हुए। आरोपी इंजीनियर ने ठेकेदार के 12,28,748 रुपये के कराए गए काम का बिल मंजूरी के लिए भेजने के लिए यह राशि मांगी थी।
यह बिल मंजूरी के लिए तेलंगाना शहरी वित्त और अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (टीयूएफआईडीसी) हैदराबाद भेजना था। आरोपी इंजीनियर को करीमनगर में भ्रष्टाचार मामलों के विशेष न्यायाधीश के सामने पेश किया गया है। इसके साथ ही आगे की जांच की जा रही है।


