किशोरी से दुष्कर्म में दो आरोपी गिरफ्तार
अलावल देवरिया में एक किशोरी के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित के परिजनों की शिकायत पर बलरामपुर के दो युवकों को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, किशोरी ने अपने बयान में दोनों युवकों पर आरोप लगाया है।

अलावल देवरिया, संवाददाता। कोतवाली देहात के सालपुर चौकी क्षेत्र के एक गांव में किशोरी के साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित परिजनों की तहरीर के आधार पर बलरामपुर जिले के दो युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों युवकों को गिरफ्तार करके कोर्ट में पेश किया जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। चौकी इंचार्ज सालपुर सावन सिंह ने बताया के गुरुवार की देर शाम को गोंडा-उतरौला मार्ग पर सालपुर के पास ग्रामीणों ने दो युवक व एक किशोरी को संदिग्ध अवस्था में देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस तीनों को चौकी पर ले आई। पुलिस पूछताछ में किशोरी ने दोनों युवकों पर दुष्कर्म का आरोप लगाया। पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने बलरामपुर जिले के रेहरा बाजार थानाक्षेत्र के सकरडीहा निवासी समीर पुत्र रईस और मसीहुद्दीन पुत्र सैफुद्दीन के खिलाफ दुष्कर्म और पाक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया। देहात कोतवाल शमसेर बहादुर सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करके उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की गई है।


