नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म के चार आरोपी गिरफ्तार
चाईबासा के पाण्ड्रासाली ओपी क्षेत्र में नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने 10 घंटे के भीतर चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। पीड़िता की माँ के आवेदन पर मामला दर्ज किया गया था। सभी अभियुक्तों ने अपने अपराध स्वीकार कर लिए हैं।

चाईबासा। मुफ्फसिल थाना के पाण्ड्रासाली ओपी क्षेत्र में नाबालिग के साथ शुक्रवार को सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया। घर के बगल में नाला के पास नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने के मामले में मुफ्फसिल थाना के पाण्ड्रासाली ओपी पुलिस ने 10 घण्टे के अंदर ही चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टूटी ने शुक्रवार को पत्रकारों को बताया कि 18 सितम्बर को मुफ्फसिल (पाण्ड्रशाली ओपी) थाना क्षेत्र में पीड़िता की माँ के लिखित आवेदन के आधार पर प्राथमिकी अभियुक्त चम्पाये होनहागा (26 वर्ष), दामु उर्फ राजेश पाडेया (20 वर्ष) , छोटा उर्फ उर्फ पाईकेराय (46वर्ष) , डेमू उर्फ सिकन्दर पूरती (40 वर्ष) के विरुद्ध नाबालिग बेटी के साथ घर के बगल में नाला के पास सामूहिक दुष्कर्म करने के आरोप में मामला दर्ज कराया गया था । पोक्सो एक्ट में मामला दर्ज किया गया था।
गिरफ्तारी की प्रक्रिया
इस संदर्भ में ओपी प्रभारी द्वारा वरीय पदाधिकारी को सूचित किया गया। कांड की गंभीरता को देखते हुए पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक के द्वारा एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। गठित टीम द्वारा तकनीकी सहयोग एवं मानवीय आसूचना के आधार पर घटना दर्ज होने के 10 (दस) घंटे अंदर इस कांड के सभी प्राथमिकी अभियुक्तों को शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया। इन चारों ने अपने-अपने अपराध स्वीकृत करते हुए कांड में संलिप्तता की बात बताई।

