आंध्र प्रदेश से किशोर का घर पहुंचा शव, हंगामा
आंध्र प्रदेश से किशोर का घर पहुंचा शव, हंगामा आंध्र प्रदेश से किशोर का घर पहुंचा शव, हंगामाआंध्र प्रदेश से किशोर का घर पहुंचा शव, हंगामा

म्योरपुर, हिन्दुस्तान संवाद। स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत किरबिल के पश्चिम टोला निवासी एक किशोर की आंध्र प्रदेश में मजदूरी के दौरान सर्पदंश से मौत हो गई। शुक्रवार को शव गांव पहुंचने पर परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर शव लेकर आई एंबुलेंस को लगभग 14 घंटे तक रोक लिया। बाद में लिखित आश्वासन मिलने पर दोपहर करीब ढाई बजे एंबुलेंस को जाने दिया गया। बताया गया कि 17 वर्षीय बंधु पुत्र लालजी आंध्र प्रदेश के एक क्रशर प्लांट में मजदूरी करता था। काम के दौरान उसे जहरीले सांप ने डंस लिया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद आंध्र प्रदेश में ही शव का पोस्टमार्टम कराया गया और गुरुवार की देर रात एंबुलेंस से शव उसके पैतृक गांव किरबिल लाया गया। शव गांव पहुंचते ही परिजन व ग्रामीण मुआवजे की मांग पर अड़ गए। आरोप है कि संबंधित क्रशर प्लांट के संचालक का मोबाइल फोन बंद मिलने से लोगों का आक्रोश बढ़ गया। इस दौरान आंध्र प्रदेश में काम कराने वाले देवरी क्षेत्र के एक युवक के साथ पंचायत भी हुई। करीब 14 घंटे तक एंबुलेंस शव सहित गांव में खड़ी रही। थानाध्यक्ष रविकांत मिश्र ने बताया कि किशोर की मौत आंध्र प्रदेश में सर्पदंश से हुई है। मुआवजे की प्रक्रिया संबंधित राज्य सरकार के नियमानुसार होगी। पुलिस ने परिजनों को आवश्यक कार्रवाई के संबंध में जानकारी दी है।


