रिमांड होम में ‘भूत’ भगाने के नाम पर किशोरी की पिटाई, तबीयत बिगड़ी
देवघर के रिमांड होम में एक किशोरी की तबीयत बिगड़ गई जब अन्य किशोरियों ने झूठे भूत की बात कहकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। घायल किशोरी को अस्पताल में भर्ती किया गया। घटना पर रिमांड होम प्रबंधन ने अभी तक कोई जानकारी नहीं दी है।

देवघर। देवघर रिमांड होम में एक किशोरी की तबीयत उस समय बिगड़ गयी, जब वहां रहने वाली अन्य किशोरियों ने कथित तौर पर उसके ऊपर भूत आने की बात कहकर भूत झारने के क्रम में उसके साथ मारपीट कर दी। घटना के बाद किशोरी की हालत बिगड़ने पर रिमांड होम प्रबंधन में हड़कंप मच गया। जानकारी मिलने के बाद रिमांड होम प्रभारी ने किशोरी को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। ऑन ड्यूटी डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार किया। घटना के संबंध में रिमांड होम प्रबंधन की ओर से फिलहाल किसी प्रकार की जानकारी नहीं दी गयी है। सूत्रों के अनुसार घटना दो दिन पहले की बतायी जा रही है। बताया जाता है कि रात के समय रिमांड होम में एक किशोरी के साथ कुछ असामान्य होने की बात अन्य किशोरियों के बीच फैल गयी। उसके बाद उसके ऊपर भूत आने की चर्चा होने लगी।
घटना का विवरण
सूत्रों के अनुसार, उसी दौरान संबंधित किशोरी कथित तौर पर अजीब व्यवहार करने लगी और कमरे में मौजूद अन्य किशोरियों के बीच अफरा-तफरी की स्थिति बन गयी। रात होने के कारण मौजूद कुछ किशोरियों ने कथित तौर पर इसे भूत का प्रभाव समझ लिया। उसके बाद उसे भूत भगाने के नाम पर पीटना शुरू कर दिया। मारपीट में किशोरी की हालत बिगड़ गयी। सुबह घटना की जानकारी रिमांड होम प्रभारी को मिली तो उन्होंने मामले को गंभीरता से लिया। किशोरी की तबीयत खराब होने की जानकारी मिलने के बाद सुरक्षा के बीच सदर अस्पताल ले जाया गया। रिमांड होम जैसे संवेदनशील स्थान पर रहने वाली किशोरियों के बीच अंधविश्वास के कारण मारपीट की घटना सामने आने से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, घटना की वास्तविक वजह और मारपीट में शामिल किशोरियों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। वहीं, यह भी स्पष्ट नहीं हो सका है कि घटना के बाद रिमांड होम प्रबंधन की ओर से संबंधित अधिकारियों को क्या जानकारी दी गयी और किशोरी की चिकित्सकीय जांच के अलावा आगे क्या कार्रवाई की गयी।
क्या कहते हैं डीडीसी :-
भूत नहीं होते हैं। रिमांड होम में मानसिक स्थिति कमजोर होने वाली कई बच्चियां भी हैं। जिनका इलाज भी कराया जा रहा है। वैसी स्थिति पर कुछ ऐसा मामला सामने आया है जिसकी जानकारी नहीं थी। जानकारी लेने के बाद परा मामला स्पष्ट किया जा सकेगा।
पीयूष कुमार सिन्हा, डीडीसी, देवघर।


