कार ने तीन युवकों को टक्कर मारी, गंभीर
गाजियाबाद में एक तेज रफ्तार कार ने तीन युवकों को टक्कर मार दी, जो पलटी कार को सीधा करने की कोशिश कर रहे थे। घटना में तीनों घायल होकर अस्पताल पहुँचाए गए, जिसमें दो की हालत गंभीर है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया है।

गाजियाबाद, योगेन्द्र सागर। नगर कोतवाली क्षेत्र में पलटी कार को सीधा कराने की कोशिश कर रहे तीन युवकों को पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। इसमें तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को आसपास के लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दो की हालत गंभीर बनी हुई है। थाना शिकारपुर, जिला बुलंदशहर के गांव मानपुर निवासी नरेश कुमार ने बताया कि वह तीन जुलाई को अपने कैंटर से जा रहे थे। इसी दौरान लालकुआं के पास बीकानेर बिल्डिंग के सामने एक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। दुर्घटना देखकर उन्होंने अपना कैंटर रोक दिया। उनका बेटा पुष्पेंद्र और उसके दो साथी पलटी कार के पास पहुंचे और उसे सीधा कराने का प्रयास करने लगे।
घायल युवकों की हालत
इसी दौरान पीछे से तेज गति से आई दूसरी कार ने तीनों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक सड़क पर दूर जाकर गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने में मदद की। नरेश कुमार के मुताबिक पुष्पेंद्र का उपचार पिलखुवा स्थित एक निजी अस्पताल में चल रहा है, जबकि उसके दोनों साथियों को गंभीर हालत में दिल्ली के जीटीबी अस्पताल और पीएसआरआई अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों की निगरानी में तीनों का इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसीपी कोतवाली एसीपी उपासना पांडेय ने बताया कि घायल के पिता की शिकायत के आधार पर 14 जुलाई को मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उस आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस कार्रवाई
-


