लापता युवकी व बालिका को बरामद कर परिजनों को सुपुर्द किया
हाथरस के एक गांव में 16 वर्षीय पुत्री और 18 वर्षीय युवती परिजनों की डांट के बाद लापता हो गईं। पुलिस ने 12 घंटे के भीतर उन्हें पंजाब के मुक्तसर से बरामद किया और परिजनों के सुपर्द कर दिया। परिजनों ने उनकी सुरक्षा के लिए पुलिस का आभार व्यक्त किया।

हाथरस। कोतवाली हाथस जंक्शन क्षेत्र के एक गांव में परिजनों की डांट से लापता हुईं युवती व बालिका को पुलिस ने 12 घंटे के अंदर पंजाब से बरामद कर लिया। पुलिस ने दोनों को परिजनों के सुपर्द कर दिया। थाना हाथरस जंक्शन एक गांव निवासी व्यक्ति ने 29 सितंबर को सूचना दी थी कि किसी बात पर डांटने से नाराज होकर उसकी करीब 16 वर्षीय पुत्री व परिवार की करीब 18 वर्षीय युवती बिना बताए घर से कहीं चली गई है। परिजनों द्वारा काफी तलाश करने के बावजूद दोनों का कोई पता नहीं चल सका। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया था।
एसपी के निर्देश पर पुलिस टीमें दोनों बरामदगी के प्रयास में जुट गईं। बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर तलाश करते हुए उनके सम्बन्ध में जानकारी जुटाने के लगातार प्रयास किए गए। दोनों की सुरक्षा एवं सकुशल बरामदगी को प्राथमिकता देते हुए पुलिस टीमें पूरी तत्परता के साथ तलाश में जुटी रहीं। पुलिस टीमों को सफलता हासिल हुई और 12 घंटे के भीतर दोनों को पंजाब राज्य के जनपद मुक्तसर स्थित मलोट रेलवे स्टेशन से बरामद किया गया। पुलिस ने बरामदगी के बाद बालिका व युवती को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। दोनों को सुरक्षित वापस पाकर परिजनों ने पुलिस का आभार व्यक्त किया है।

