नदी में बह गया युवक, तलाश जारी
एसडीआरएफ ने चलाया रेस्क्यू हादसे के बाद परिजन दहशत में

खन्ना, संवाददाता। दोस्तों के साथ नदी में स्नान करने गया युवक नदी के तेज बहाव में बह गया। दोस्तों के शोर मचाने पर आस पास के लोग एकत्र हो गए। स्थानीय गोताखोरों की मदद से चलाए गए रेस्क्यू के बाद भी जब सुराग न लगा तो एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया। युवक का सुराग न लगने से परिजन दहशत में है। थाना क्षेत्र के ग्योड़ी गांव निवासी संजय सिंह का 18 वर्षीय पुत्र महानगर में रहता था। 2 अगस्त को वह गांव आया था। शुक्रवार को दोस्तों के साथ शीहो नदी में स्नान करने लगा। युवक ने नदी में छलांग लगा दी।
नदी का बहाव तेज होने के कारण युवक देखते ही देखते नदी में समां गया। दोस्तों ने जब नजारा देखा तो हड़कंप मच गया। चीख पुकार के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू चलाया मगर युवक को कोई सुराग नहीं लग सका। चाचा राघवेंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि दोस्तों के साथ स्नान करने की बात कहकर सत्यम घर से निकला था। मां उर्मिला बेहाल है। युवक तीन भाईयों में सबसे बड़ा बताया जा रहा है। अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह ने मौके पर पहुंचकर जानकारी हासिल की। थाना प्रभारी धर्मेद्र सिंह का कहना है रेस्क्यू किया जा रहा है।


