शादी का झांसा दे चार साल किया दुष्कर्म
वाराणसी के दुर्गाकुंड क्षेत्र में एक युवती ने गाजीपुर के युवक और उसके परिवार पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म और गर्भपात कराने का आरोप लगाया है। महिला ने 2021 से 2024 के बीच 25 बार दुष्कर्म का दावा किया। पुलिस ने शिकायत के बाद मामला दर्ज किया।

वाराणसी, प्रमुख संवाददाता। दुर्गाकुंड क्षेत्र में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाली अनपरा (सोनभद्र) की युवती ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, गर्भपात कराने, धमकी आदि का आरोप गाजीपुर के युवक और उसके परिजनों पर आरोप लगाया है। सीपी के आदेश पर भेलूपुर पुलिस ने गाजीपुर के मुर्की कला (मुर्की बुजुर्ग) के गुलशन राजभर, मां सीता, बहन पिंकी, सारिका, तन्नू, गुलशन के बहनोई विनोद खरवार और फुफेरे भाई अनुराग उर्फ अरुण पर केस दर्ज किया है। युवती के अनुसार वह हॉस्टल में रहती थी। गुलशन ने सोशल मीडिया के जरिये संपर्क किया। बताया कि किसी शादी समारोह में उसके घरवालों ने युवती की फोटो देखी तो वह पसंद आ गई है।
धीरे-धीरे वह अश्लील चैटिंग और अश्लील बातें करने लगा। अप्रैल 2021 में हॉस्टल आया। हॉस्टल मालकिन से खुद को भाई बताकर उसके कमरे में रुक गया। रात में दुष्कर्म किया। इसी तरह 2021 से 2024 के बीच 25 से अधिक बार दुष्कर्म किया। जब भी उसे लगता कि वह गर्भवती है, परिवारवालों के साथ दवा खिलाकर गर्भपात करा देता था। गर्भवती होने पर युवक अपने परिजनों से भी मिलवाकर शादी का भरोसा भी दिलाता था। शारीरिक समस्या आने पर संबंध बनाने से मना करने पर अश्लील फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देने लगा। युवती ने इस संबंध में 20 जून को शिकायत की। सीपी के आदेश पर भी भेलूपुर पुलिस युवती को भरमाती रही। तब अधिवक्ता ताज मोहम्मद और अनुज श्रीवास्तव से मिली। दोनों अधिवक्ताओं के साथ पुन: सीपी कार्यालय गई। सीपी ने फटकार लगाई तब भेलूपुर पुलिस ने केस दर्ज किया।


