पोथी से मोबाइल तक पहुंची पुरोहिताई, डिजिटल दौर में बदल रहा कर्मकांड का तरीका
जमशेदपुर में पितृपक्ष के दौरान पुरोहितों की पारंपरिक कार्यशैली में तकनीक का समावेश दिख रहा है। मोबाइल एप और डिजिटल पंचांग की मदद से लोग पूजा की तिथि और सामग्री की जानकारी ले रहे हैं। वीडियो कॉल के जरिए दूर बैठे परिवारों को भी पूजा में शामिल होने का फायदा मिल रहा है।

जमशेदपुर, संवाददाता। पितृपक्ष शुरू हो चुका है। पितरों के निमित्त श्राद्ध और तर्पण का सिलसिला 10 अक्तूबर, अमावस्या तक चलेगा। पूजा-पाठ और कर्मकांड के लिए लोग पुरोहितों से संपर्क कर रहे हैं। वहीं, पुरोहितों की पारंपरिक कार्यशैली भी तकनीक के रंग में ढलने लगी है। कभी तिथि, मुहूर्त, मंत्र और पूजा-विधि के लिए पोथी-पंचांग पर निर्भर रहने वाले पुरोहित अब स्मार्टफोन का भी सहारा ले रहे हैं। जमशेदपुर के कई युवा पुरोहितों की दिनचर्या में मोबाइल अब सिर्फ बातचीत का माध्यम नहीं, बल्कि कर्मकांड से जुड़ी जानकारी जुटाने का महत्वपूर्ण साधन बन गया है。
पितृपक्ष के दौरान तकनीक का प्रभाव
पितृपक्ष के दौरान इसका असर और स्पष्ट दिखाई दे रहा है। पुरोहित मोबाइल एप और डिजिटल पंचांग के जरिए तिथि, नक्षत्र, लग्न, मुहूर्त और पर्व-त्योहारों की जानकारी लेते हैं। पूजा-विधि, मंत्र, संकल्प और अलग-अलग संस्कारों में लगने वाली सामग्री की सूची भी मोबाइल पर उपलब्ध हो जाती है। इससे किसी विशेष पूजा के लिए जरूरी सामग्री की जानकारी यजमानों को पहले ही दी जा रही है। हालांकि, कई पुरोहित महत्वपूर्ण धार्मिक निर्णयों के लिए पारंपरिक पंचांग और अपने अनुभव को ही आधार मानते हैं।
वीडियो कॉल और पूजा की प्रक्रिया
शहर से बाहर या दूसरे राज्यों में रहने वाले परिवार कई बार वीडियो कॉल के जरिए पूजा में शामिल हो जाते हैं। कुछ मामलों में पुरोहित मोबाइल कैमरे के जरिए पूजा की प्रक्रिया समझाते हैं और परिवार के सदस्य अपने घर से ही निर्धारित विधि के अनुसार पूजा करते हैं। इससे नौकरी या व्यवसाय के कारण शहर से बाहर रहने वाले परिवारों को सुविधा मिल रही है।
डिजिटल पंचांग और सोशल मीडिया का बढ़ा इस्तेमाल
युवा पुरोहितों का कहना है कि बदलते समय के साथ तकनीक का इस्तेमाल जरूरी हो गया है। पूजा की तारीख और समय बताने से लेकर यजमानों से संपर्क बनाए रखने तक मोबाइल काम आसान कर रहा है। कई पुरोहित व्हाट्सऐप के जरिए पूजा की सामग्री की सूची, मुहूर्त और जरूरी जानकारी भेजते हैं। वहीं, सोशल मीडिया और डिजिटल माध्यमों से भी धार्मिक सामग्री और पंचांग संबंधी जानकारी हासिल की जा रही है।
कोट
समय के साथ थोड़ा डिजिटल बदलाव लाना भी जरूरी है। हर जगह पंचांग और ग्रंथ लेकर जाना संभव नहीं है। ऐसे में डिजिटल माध्यम से काफी मदद मिलती है। हालांकि, मोबाइल पर अत्यधिक निर्भरता से पारंपरिक पोथी-पंचांग और गुरु-परंपरा से मिलने वाले ज्ञान के अभ्यास में कमी आने की चिंता भी बनी हुई है।
- सत्येन्द्र शांडिल्य, आचार्य
तकनीक सुविधा दे सकती है, लेकिन कर्मकांड की मूल परंपरा और शास्त्रीय ज्ञान का विकल्प नहीं बन सकती। मोबाइल परंपरा और आधुनिकता के बीच नया सेतु बनता जा रहा है। तकनीक के इस्तेमाल से जानकारी जल्दी मिलती है, लेकिन इंटरनेट पर उपलब्ध हर धार्मिक जानकारी प्रमाणिक हो, यह जरूरी नहीं है।
- पंडित अभिषेक पाठक, पुरोहित
तकनीक ने पुरोहितों और यजमानों के बीच संवाद का तरीका बदला है। दूर रहने वाले परिवारों से फोन और वीडियो कॉल के जरिए संपर्क कर तर्पण या अन्य कर्मकांड की जानकारी दी जा रही है। पूजा की बुकिंग और समय तय करने में भी मोबाइल मददगार साबित हो रहा है।
- संतोष त्रिपाठी, पुरोहित
कई ऐसे ग्रंथ और पंचांग हैं, जो हर जगह आसानी से उपलब्ध नहीं होते। ऑनलाइन इनके पीडीएफ आसानी से मिल जाते हैं और थोड़ी ही देर में कई तरह की जानकारियां उपलब्ध हो जाती हैं।
-विपिन झा, अध्यक्ष, धर्म रक्षिणी महासंघ


