आईपीयू में दूसरे स्पॉट राउंड का सीट आवंटन टला
गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय में दाखिला प्रक्रिया के दौरान काउंसलिंग सॉफ्टवेयर में तकनीकी खामी आई है। इससे स्पॉट राउंड-2 में कुछ छात्रों को गलती से सीट आवंटित की गई। विश्वविद्यालय ने परिणामों की दोबारा जांच का निर्णय लिया है और स्पॉट राउंड-3 की ऑफलाइन काउंसलिंग को भी वापस ले लिया है।

नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (आईपीयू) में दाखिला प्रक्रिया के बीच काउंसलिंग सॉफ्टवेयर में तकनीकी खामी सामने आई है। इसके चलते स्पॉट राउंड-2 ऑनलाइन काउंसलिंग में कुछ अभ्यर्थियों को गलती से सीट आवंटित होने का मामला सामने आया है। विश्वविद्यालय ने संबंधित पाठ्यक्रमों के परिणामों की दोबारा जांच कर उन्हें संशोधित करने का फैसला लिया है। इसके साथ ही 23 अगस्त से प्रस्तावित स्पॉट राउंड-3 की ऑफलाइन काउंसलिंग का कार्यक्रम भी वापस ले लिया गया है। विश्वविद्यालय के अनुसार, स्पॉट राउंड-2 में सीट आवंटित होने के बाद कुछ अभ्यर्थियों ने इसकी जानकारी विश्वविद्यालय को दी। जांच में पता चला कि काउंसलिंग सॉफ्टवेयर की तकनीकी त्रुटि के कारण कुछ अभ्यर्थियों को अनजाने में सीट आवंटित हुई। इसके बाद विश्वविद्यालय ने प्रतिभागी अभ्यर्थियों के हित में परिणामों की दोबारा जांच और जरूरत के अनुसार संशोधन का निर्णय लिया है。
इन पांच पाठ्यक्रमों पर असर
स्पॉट राउंड-2 के जिन पाठ्यक्रमों के परिणामों की दोबारा जांच होगी, उनमें बीसीए, बीबीए, बीटेक, बीकॉम (ऑनर्स) और एलएलबी शामिल हैं। दोबारा जांच के बाद सीट आवंटन में बदलाव होने की संभावना है।
स्पॉट राउंड-3 की ऑफलाइन काउंसलिंग भी टली
स्पॉट राउंड-2 के परिणामों की दोबारा जांच के बीच विश्वविद्यालय ने स्पॉट राउंड-3 की ऑफलाइन काउंसलिंग का कार्यक्रम भी वापस ले लिया है। बीटेक, बीबीए, बीसीए, बीकॉम (ऑनर्स), लेटरल एंट्री बीटेक, बीए (इंग्लिश) और बीए इकोनॉमिक्स में दाखिले के लिए 23 अगस्त से शुरू होने वाली ऑफलाइन काउंसलिंग नहीं होगी। इसका संशोधित कार्यक्रम जल्द जारी होगा। इन फैसलों से दाखिला लेने वाले अभ्यर्थियों को फिलहाल इंतजार करना होगा। विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों से कहा है कि वे विश्वविद्यालय की वेबसाइट www.ipu.ac.in और ऑनलाइन एडमिशन पोर्टल www.ipu.admissions.nic.in से जानकारी लें。


