पेयी आईडी से जुड़ेगा जिले के नियोजित शिक्षकों का वेतन
जिले में समग्र शिक्षा के तहत नियोजित शिक्षकों के वेतन भुगतान की प्रक्रिया अब पेयी आईडी के माध्यम से होगी। वित्तीय वर्ष 2026-27 से शिक्षकों का वेतन एसएनए स्पर्श के जरिए भुगतान किया जाएगा। शिक्षकों को व्यक्तिगत विवरण और आवश्यक दस्तावेज जमा करने होंगे।

जिले में समग्र शिक्षा के तहत कार्यरत नियोजित शिक्षकों के वेतन भुगतान की प्रक्रिया अब पेयी आईडी के माध्यम से होगी। वित्तीय वर्ष 2026-27 से शिक्षकों के वेतन का भुगतान एसएनए स्पर्श के जरिए किए जाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। इसके लिए प्रत्येक शिक्षक की विशिष्ट पेयी आईडी बनाई जाएगी।
पेयी क्रिएशन फॉर्म
बीईपी के राज्य परियोजना निदेशक के निर्देश के बाद विभाग ने जिले के सभी बीईओ को पेयी क्रिएशन फॉर्म और आवश्यक दस्तावेज जमा कराने को कहा है। फॉर्म में शिक्षक का व्यक्तिगत विवरण, बैंक खाता, आधार, पैन और पता संबंधी जानकारी देनी होगी। इसके साथ बैंक पासबुक, आधार और पैन कार्ड की स्व-अभिप्रमाणित प्रति भी जमा करनी होगी। फॉर्म पर शिक्षक और प्रधानाध्यापक के हस्ताक्षर व मुहर भी अनिवार्य होगी।
सीएफएमएस 2.0 पोर्टल प्रक्रिया
विभागीय प्रक्रिया के तहत शिक्षकों को सीएफएमएस 2.0 पोर्टल पर लाभुक के रूप में दर्ज किया जाएगा। एक बार में अधिकतम 300 शिक्षकों का डाटा अपलोड किया जा सकेगा। डाटा की जांच और अनुमोदन के बाद उपलब्ध बजट के आधार पर वेतन दावा तैयार किया जाएगा। वर्चुअल आवंटन उपलब्ध होने के बाद सीएफएमएस 2.0 और एसएनए स्पर्श के माध्यम से शिक्षकों के खाते में वेतन भुगतान किया जाएगा। विभाग ने पूरी प्रक्रिया समय पर पूरा करने का निर्देश दिया है। (नवादा से शशि भूषण पाठक)

