प्रतिनियोजित विद्यालय से उपस्थिति दर्ज नहीं करने पर कटेगा वेतन
मुजफ्फरपुर में शिक्षकों की उपस्थिति को निर्धारित विद्यालय के लोकेशन से ट्रेस किया जा रहा है। यदि शिक्षक सही लोकेशन से उपस्थिति दर्ज नहीं करते हैं, तो उन्हें वेतन कटौती का सामना करना पड़ेगा। ई-शिक्षाकोष के माध्यम से उपस्थिति की निगरानी की जा रही है और अनुशासनहीनता पर सख्ती बरती जाएगी।

मुजफ्फरपुर, प्रमुख संवाददाता। प्रतिनियोजित विद्यालय के लोकेशन से उपस्थिति दर्ज नहीं करने पर वेतन कटौती का आदेश दिया गया है। अर्द्धवार्षिक परीक्षा में वीक्षण कार्य में प्रतिनियुक्त शिक्षकों पर सख्ती की गई है।जिले में वीक्षण कार्य के लिए प्रतिनियोजित सभी शिक्षकों को इस संबंध में निर्देश दिया गया है। डीईओ ने कहा कि ई-शिक्षाकोष के माध्यम से दर्ज की जा रही वीक्षकों की उपस्थिति की सघन निगरानी की जा रही है। पहले दिन की परीक्षा में सूचना प्राप्त हुई है कि कुछ शिक्षक मनमाने तरीके से उपस्थिति दर्ज कर रहे हैं। शिक्षकों उपस्थिति को इनके प्रतिनियोजित विद्यालय के लोकेशन से ट्रेस किया जा रहा है।
यदि निर्धारित लोकेशन से शिक्षकों की उपस्थिति दर्ज नहीं पाई जाती है, तो इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए विभागीय कार्रवाई के साथ-साथ वेतन कटौती भी की जाएगी। ऐसे में सभी प्रतिनियोजित शिक्षक समय पर अपने प्रतिनियोजन स्थल पर उपस्थित होकर, सही लोकेशन से ही ई-शिक्षाकोष के माध्यम से उपस्थिति दर्ज करेंगे।


