331 अनुदानित महाविद्यालयों के शिक्षकों का प्रदर्शन
लखनऊ में शिक्षकों ने अनुदानित महाविद्यालय स्ववित्तपोषित शिक्षक संघ के बैनर तले प्रदर्शन किया। उन्होंने स्ववित्तपोषित पाठ्यक्रमों को अनुदान में लाने और शिक्षकों की सेवाओं को संरक्षित करने की मांग की। शिक्षकों ने ज्ञापन सौंपकर शीघ्र निर्णय का आग्रह किया, अन्यथा आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी।

लखनऊ, प्रमुख संवाददाता। अनुदानित महाविद्यालय स्ववित्तपोषित शिक्षक संघ, उत्तर प्रदेश (एएमएसए यूपी) के बैनर तले शिक्षकों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर लखनऊ में शुक्रवार को प्रदर्शन किया। प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे शिक्षकों ने करीब 25 वर्षों से चली आ रही दोहरी स्ववित्तपोषित व्यवस्था को समाप्त करने और स्ववित्तपोषित पाठ्यक्रमों को अनुदान के दायरे में लाने की मांग की। प्रदर्शन की शुरुआत रामधुन और वंदे मातरम् के साथ हुई। इसके बाद महात्मा गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री सहित अन्य महापुरुषों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। शिक्षकों ने नारे और गीतों के माध्यम से अपनी मांगें शासन के सामने रखीं।
मांगें और अपील
शिक्षकों ने स्ववित्तपोषित पाठ्यक्रमों को अनुदान पर लेने, इनमें कार्यरत शिक्षकों की सेवाओं को संरक्षित करते हुए विनियमित करने तथा यूजीसी मानकों के अनुरूप वेतनमान देने की मांग की। संगठन के अनुसार, करीब 3,000 शिक्षक इन पाठ्यक्रमों में लंबे समय से कार्यरत हैं।
आंदोलन की चेतावनी
शिक्षकों ने सेवा और आजीविका की सुरक्षा के साथ कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान शिक्षकों ने अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की अपील की। संघ ने स्पष्ट किया कि यदि मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो धरना जारी रहेगा और आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।


