14 सूत्रीय मांगों को लेकर माध्यमिक शिक्षक संघ ने दिया धरना
गोरखपुर में, उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ ने 14 सूत्रीय मांगों को लेकर एक दिवसीय धरना दिया। शिक्षकों ने पुराने पेंशन की बहाली, तदर्थ शिक्षकों के विनियमितीकरण और वित्तविहीन शिक्षकों की सेवा सुरक्षा समेत कई मांगें उठाईं। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि समस्याओं का समाधान न हुआ, तो बड़ा आंदोलन होगा।

गोरखपुर, निज संवाददाता। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ ने शुक्रवार को जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर 14 सूत्रीय मांगों को लेकर एक दिवसीय धरना दिया। शिक्षकों ने वर्ष 2000 से पूर्व नियुक्त तदर्थ शिक्षकों के विनियमितीकरण, पुरानी पेंशन बहाली, वित्तविहीन शिक्षकों की सेवा सुरक्षा, एनपीएस की धनराशि जीपीएफ में स्थानांतरित करने, सेवानिवृत्त, मदरसा व सीबीएसई बोर्ड के शिक्षकों को कैशलेस सुविधा, राजकीय शिक्षकों की सेवानिवृत्ति आयु 62 वर्ष करने सहित अन्य मांगें उठाईं। प्रांतीय उपाध्यक्ष जगदीश पाण्डेय ने कहा कि संगठन शिक्षकों के अधिकारों की लड़ाई मजबूरी में लड़ता है। उन्होंने चेतावनी दी कि दो सप्ताह में समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
धरने को गंगेश्वर पाण्डेय, राधेश्याम श्रीवास्तव, राम बरन विश्वकर्मा, दिलीप सिंह, ओम प्रकाश यादव, आनन्द शंकर उपाध्याय, डॉ. संजय मिश्रा, दिनेश पाण्डेय, स्मृति श्रीवास्तव, गोपाल मणि त्रिपाठी, अवधेश गुप्ता और वीरेन्द्र शाही ने संबोधित किया। अध्यक्षता प्रहलाद केशरी तथा संचालन नन्दा पाण्डेय ने किया। बाद में जिला विद्यालय निरीक्षक को ज्ञापन सौंपा गया।


