सुपौल : तीन माह से वेतन लंबित, विशिष्ट शिक्षकों में आक्रोश
छातापुर में शिक्षकों ने तीन, चार उत्तीर्ण करने के बावजूद पिछले तीन महीनों से वेतन न मिलने पर नाराजगी जताई। बिहार विशिष्ट अध्यापक संघ ने महम्मदगंज पंचायत भवन में बैठक की और वेतन भुगतान में हो रही देरी पर चर्चा की। शिक्षकों ने सरकार को चेतावनी दी कि जल्द ही वेतन और प्रोन्नति नहीं हुई, तो वे आंदोलन करेंगे।

छातापुर, एक प्रतिनिधि। नियोजित से सक्षमता परीक्षा तीन, चार उत्तीर्ण कर विशिष्ट राज्यकर्मी बने शिक्षकों का पिछले तीन महीने से वेतन भुगतान नहीं होने से जिले भर के शिक्षकों में काफी नाराजगी है। इसी मुद्दे को लेकर बिहार विशिष्ट अध्यापक प्रधान शिक्षक संघ के बैनर तले शुक्रवार को छातापुर एवं महम्मदगंज पंचायत भवन परिसर में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संघ के प्रखंड सचिव बिनोद कुमार यादव ने की। इसमें प्रदेश महासचिव सह सुपौल जिला प्रभारी पंकज कुमार सिंह मुख्य रूप से शामिल हुए। बैठक में मौजूद शिक्षकों ने वेतन भुगतान में हो रही देरी को लेकर अपनी आर्थिक तंगी की समस्या रखी।
शिक्षकों का कहना था कि घर खर्च, बच्चों की पढ़ाई और जरूरी खर्च चलाना मुश्किल हो गया है। बैठक के दौरान प्रधान शिक्षकों ने बकाया वेतन और वेतन संरक्षण का लाभ नहीं मिलने पर भी नाराजगी जाहिर की।संघ ने चेतावनी दी कि यदि जल्द वेतन भुगतान और प्रोन्नति की प्रक्रिया शुरू नहीं की गई तो संघ आगे आंदोलन के लिए बाध्य होगा। बैठक में करमचंद राम, ललन कुमार, तारकेश्वर, शिवकुमार, मोनू कुमार, पूजा कुमारी, पिंकी कुमारी, शहनवाज आलम, बिट्टू कुमार, गौतम सहित अन्य शिक्षक मौजूद थे।


