नई पेंशन योजना के विरोध में एनपीएस और यूपीएस की प्रतियां फूंकी
काशीपुर में शिक्षकों ने नई पेंशन स्कीम और यूपीएस का विरोध करते हुए काला दिवस मनाया। शिक्षकों ने एनपीएस और यूपीएस की प्रतियां जलाईं तथा नई पेंशन योजना का पुतला फूंका। एनएमओपीएस की जिला अध्यक्ष जमुना पटवाल ने पुरानी पेंशन की मांग की और मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा।

काशीपुर, संवाददाता। नई पेंशन स्कीम और यूपीएस के विरोध में राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली मंच के बैनर तले शिक्षकों ने नई पेंशन योजना का पुतला फूंका। साथ ही एनपीएस और यूपीएस की प्रतियां जलाकर विरोध जताया। गुरुवार को बीईओ कार्यालय में शिक्षकों ने नई पेंशन योजना के विरोध में सांकेतिक रूप से एनपीएस और यूपीएस की प्रतियां जलाकर काला दिवस मनाया। साथ ही नई पेंशन योजना का पुतला दहन किया गया। शिक्षकों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन बीईओ को सौंपा। एनएमओपीएस जिला अध्यक्ष (महिला) जमुना पटवाल ने कहा कि एक ओर मंत्री, सांसद और विधायक अपने लिए पुरानी पेंशन की व्यवस्था बरकरार रख रहे हैं, जबकि दूसरी ओर 60 वर्ष तक सेवा करने वाले कर्मचारियों को नई पेंशन का झुनझुना दिया गया है।
उन्होंने कहा कि नई पेंशन बाजार आधारित व्यवस्था है। इस दौरान अतुल कुमार चौहान, छत्रपाल सिंह, हेमेंद्र पाल, अंजना राज, राकेश यादव, रामपाल सिंह, राजपाल सिंह, मदन रूहेला, नवनीत देवल, राखी कश्यप, जयपाल सिंह, विष्णु दत्त, सुभाष इंद्रपाल, अमित बिश्नोई, प्रकाश सिंह आदि मौजूद रहे।


