शिक्षक संकल्प कर ले तो अनेकों महापुरुषों का निर्माण कर सकता हैः डॉ. हर्षवर्धन
गाजियाबाद के महर्षि दयानंद विद्यापीठ में शिक्षक दिवस समारोह मनाया गया। पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन सिंह ने शिक्षकों की महिमा का वर्णन किया और उन्हें सम्मानित किया गया। कई शिक्षकों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए पुरस्कार प्रदान किए गए, जिसमें आदर्श शिक्षकों और बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्टता दिखाने वाले शिक्षकों को शामिल किया गया।

गाजियाबाद, गुलशन भारती। गोविंदपुरम स्थित महर्षि दयानंद विद्यापीठ में आयोजित शिक्षक दिवस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन सिंह ने कहा कि किसी विद्यालय में जाना एक मंदिर में जाने के समान है। हमारा पहला भगवान घर में माता-पिता और दूसरा शिक्षक होता है। शिक्षण साधारण प्रोफेशन नहीं है। शिक्षक यदि संकल्प कर ले तो न जाने कितने महापुरुषों का निर्माण कर सकता है। कार्यक्रम में विद्यालय संरक्षक बालेश्वर त्यागी ने कहा कि शिक्षक होना गर्व की बात है। उनमें ज्ञान, जुनून और करुणा भाव होना चाहिए। प्रधानाचार्या डॉ. सीमा सेठी ने सभी शिक्षकों को बधाई दी।
इस दौरान रेनू चौधरी, अनिल कुमार एवं दीपक शर्मा को आदर्श शिक्षक के रूप में सम्मानित किया गया। सुनीता त्यागी को श्री बचन सिंह स्मृति शिक्षक सम्मान एवं 25000 की नगद दिए। राइजिंग स्टार का अवॉर्ड आंचल शर्मा और मान्या गोयल, बियोंड दा कॉल आफ ड्यूटी अवार्ड अंजू त्यागी और छाया अग्रवाल को तथा इनोवेटिव एजुकेटर अवार्ड अनुराधा वर्मा और युक्ता कक्कर को मिला। बोर्ड परीक्षा का उत्कृष्ट परिणाम देने वाले 23 शिक्षकों को 1500-1500 की सम्मान राशि दी गई। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने गुरु वंदना, प्रेरक गीत व समूह नृत्य आदि कार्यक्रम प्रस्तुत किए।


