शिक्षामित्रों ने मुख्यमंत्री से मांगी स्थायी सेवा नियमावली
अमेठी में शिक्षामित्र एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर 1.47 लाख शिक्षामित्रों की समस्याओं के स्थायी समाधान की मांग की है। संगठन ने शिक्षामित्रों का मानदेय 18 हजार रुपये करने और विशेष टीईटी में शामिल होने की मांग की है। शिक्षामित्रों की सेवा संरक्षण की भी आवश्यकता जताई गई है।

अमेठी। संवाददाता आदर्श समायोजित शिक्षक शिक्षामित्र एसोसिएशन ने शिक्षामित्रों की विभिन्न समस्याओं के स्थायी समाधान की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को पत्र भेजा है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के माध्यम से भेजे गए पत्र में करीब 1.47 लाख शिक्षामित्रों के हित में ठोस निर्णय लेने की मांग की गई। इस दौरान विजय बहादुर सिंह, डॉ. अर्चना समेत कई शिक्षामित्र मौजूद रहे।संगठन ने कहा कि वर्तमान वित्तीय वर्ष में शिक्षामित्रों का मानदेय बढ़ाकर 18 हजार रुपये प्रतिमाह किए जाने और कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सरकार का आभार है। साथ ही बेसिक शिक्षा में शिक्षक पात्रता परीक्षा की अनिवार्यता को देखते हुए नवंबर 2026 में प्रस्तावित विशेष टीईटी में शिक्षामित्रों को शामिल होने का अवसर देने की मांग की गई है।
संगठन का कहना है कि इससे लंबे समय से बेसिक शिक्षा व्यवस्था में सेवाएं दे रहे शिक्षामित्रों को राहत मिलेगी। पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षामित्र करीब 25 वर्षों से बेसिक शिक्षा विभाग में निष्ठापूर्वक कार्य कर रहे हैं। इसके बावजूद उनकी सेवा संबंधी कई समस्याएं अब भी लंबित हैं। संगठन ने शिक्षामित्रों के लिए स्थायी सेवा नियमावली बनाए जाने और सेवा अवधि 62 वर्ष किए जाने की मांग प्रमुखता से उठाई। इसके अलावा अंत:जनपदीय और अंतर्जनपदीय स्थानांतरण प्रक्रिया को भी जल्द पूरा कराने की मांग की गई।

