गणित-अंग्रेजी की अवधारणाओं को सरल बनाना मुख्य उद्देश्य
बलरामपुर में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में तीन से आठ अगस्त तक बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। शिक्षकों को निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों और प्रभावी शिक्षण विधियों से परिचित कराने के लिए इस प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का समापन स्वच्छता के महत्व पर जोर देते हुए किया गया।

बलरामपुर, संवाददाता। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में तीन से आठ अगस्त तक आयोजित पांच दिवसीय बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान प्रशिक्षण का समापन हुआ। प्रशिक्षण का उद्देश्य शिक्षकों को निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों, रणनीतियों और प्रभावी शिक्षण विधियों से परिचित कराते हुए बच्चों में बुनियादी साक्षरता एवं गणितीय दक्षता विकसित करना रहा। प्रशिक्षण के दौरान एनसीईआरटी की पाठ्यपुस्तकों पर आधारित शिक्षण पद्धतियों, सीखने व दक्षता आधारित लक्ष्यों पर चर्चा की गई। शिक्षकों को पाठ्य पुस्तकों के अध्यायवार अभ्यासों को कक्षा-कक्ष की गतिविधियों से जोड़कर पढ़ाने के तरीके बताए गए। गणित मेला, गणितीय कहानियां, आकृति एवं क्रम निर्माण, विचार-विमर्श और अभिनय जैसी गतिविधियों के माध्यम से गणितीय अवधारणाओं को सरल एवं रुचिकर बनाने का अभ्यास कराया गया।
अंग्रेजी विषय में मेरी सुंदर दुनिया और खेल के साथ सीखना जैसे पाठों के माध्यम से गतिविधि आधारित शिक्षण कराया गया। समापन अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विकास चंद्र श्रीवास्तव ने स्वच्छता के महत्व पर जोर देते हुए विद्यालयों में स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र वितरित किए। इस अवसर पर प्रशिक्षक नवीन कुमार सिंह, महमूदउल हक, आलोक कुमार शर्मा, प्रतिमा सिंह, अंकित तिवारी, पवन वर्मा, चंद्रमणि मिश्रा, वेद प्रकाश चौरसिया, सपना वर्धन और डॉ. त्रिपुरारी पूजन समेत अन्य मौजूद रहे।


