बीआरसी कटेहरी पर एफ आर एन प्रशिक्षण शुरू
बीआरसी कटेहरी केंद्र पर निपुण भारत मिशन के तहत एफएलएन शिक्षक प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में शिक्षकों को नई पाठ्यपुस्तकों 'वीणा' और 'गणित मेला' की संरचना और शिक्षण विधियों के बारे में बताया गया। गतिविधि-आधारित शिक्षण पद्धतियों का उपयोग करते हुए बच्चों में बुनियादी साक्षरता और संख्यात्मक ज्ञान को मजबूत करने पर जोर दिया गया।

अम्बेडकरनगर संवाददाता । बीआरसी कटेहरी केंद्र पर निपुण भारत मिशन के तहत एफएलएन शिक्षक प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। इस दौरान शिक्षकों को कक्षा-4 की नई पाठ्यपुस्तकों 'वीणा' (भाषा) और 'गणित मेला' (गणित) की संरचना, विषय-वस्तु और शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। खंड शिक्षाधिकारी कटेहरी प्रिया पाठक ने प्रशिक्षण के पहले सत्र में शिक्षकों को निपुण लक्ष्य, निपुण विद्यालय आकलन, निपुण टूल्स ऐप और प्री-टेस्ट के बारे में बताया गया। अन्य प्रशिक्षकों ने भी इस बात पर जोर दिया कि बच्चों की बुनियादी साक्षरता और संख्यात्मक ज्ञान को मजबूत करने के लिए गतिविधि-आधारित और प्रभावी शिक्षण पद्धतियों का उपयोग महत्वपूर्ण है।
प्रशिक्षण में 'वीणा' पाठ्यपुस्तक के विभिन्न पाठों के जरिए बच्चों में विकसित होने वाली भाषायी दक्षताओं पर चर्चा हुई। इसी तरह, 'गणित मेला' में शामिल गणितीय अवधारणाओं को बच्चों तक सरल और रोचक ढंग से पहुंचाने के लिए गतिविधि-आधारित शिक्षण पर बल दिया गया। शिक्षकों को पाठ्यपुस्तकों की विषय-वस्तु को कक्षा-कक्ष की गतिविधियों से जोड़कर पढ़ाने के तरीके भी सिखाए गए।प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों ने विभिन्न विषयों पर अपनी जिज्ञासाएं और प्रश्न रखे। एक खुले सत्र में मास्टर ट्रेनरों ने उनके सवालों के जवाब दिए और शंकाओं का समाधान किया। प्रशिक्षण में प्रमुख रूप से एआरपी संजय पांडे , महेन्द्र तिवारी , प्रीति पांडे , सौरभ बाबू , हरीश, मदन सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे ।


