फर्जी उपस्थिति दर्ज करने के आरोप में शिक्षक निलंबित
फर्जी उपस्थिति और समय से पहले स्कूल छोड़ने पर शिक्षक निलंबित।ने पर डीईओ ने की कार्रवाई, लापरवाही करने वाले शिक्षकों में मचा हड़कंप। चान्दन (बांका)। न

चान्दन (बांका), निज प्रतिनिधि। विद्यालय में उपस्थित नहीं रहने के बावजूद ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर फर्जी तरीके से उपस्थिति दर्ज कराने और एक ही फोटो का बार-बार इस्तेमाल करने के मामले में शिक्षा विभाग ने कड़ी कार्रवाई की है।
शिक्षक का निलंबन
चांदन प्रखंड क्षेत्र के नवसृजित प्राथमिक विद्यालय डुमरकोला में पदस्थापित और वर्तमान में प्राथमिक विद्यालय भोरसार में प्रतिनियुक्त विशिष्ट शिक्षक अमित कुमार अमन को जिला शिक्षा पदाधिकारी, बांका के आदेश पर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। शिक्षक पर एआई तकनीक का दुरुपयोग कर कृत्रिम फोटो के माध्यम से उपस्थिति दर्ज कराने का आरोप भी सामने आया है। जारी निलंबन आदेश के अनुसार शिक्षक के खिलाफ प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, चांदन और प्रखंड विकास पदाधिकारी, चांदन की ओर से प्रतिवेदित शिकायतों के आधार पर विभागीय कार्रवाई शुरू की गई थी।
अन्य आरोप
उन पर विद्यालय से बाहर रहते हुए उपस्थिति दर्ज करने, समय से पहले विद्यालय छोड़ने, विद्यालय से लगातार गायब रहने, एक ही फोटो से बार-बार उपस्थिति दर्ज करने तथा निर्धारित नियमों से अधिक आकस्मिक अवकाश का उपयोग करने समेत कई आरोप लगाए गए थे। आदेश में यह भी उल्लेख है कि दो जनवरी 2026 को शिक्षक बिना सूचना के विद्यालय से अनुपस्थित रहे। शिकायत मिलने के बाद विभाग ने शिक्षक से स्पष्टीकरण मांगा। प्राप्त स्पष्टीकरण को संतोषप्रद नहीं पाया गया। इसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए छह अगस्त को प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, चांदन को प्रारंभिक जांच का निर्देश दिया गया। बाद में 29 अगस्त को प्रस्तुत जांच प्रतिवेदन में शिक्षक के खिलाफ लगाए गए आरोपों की पुष्टि की गई।
आदेश का निष्कर्ष
आदेश में यह भी कहा गया है कि संबंधित शिक्षक ने अपना अद्यावधि बचाव अभिकथन भी समर्पित नहीं किया। जांच में आरोपों की पुष्टि के बाद बिहार विद्यालय विशिष्ट शिक्षक (संशोधन) नियमावली 2024 के प्रावधानों के तहत शिक्षक को निलंबित करते हुए अनुशासनिक कार्रवाई के अधीन किया गया है। विभाग ने विद्यालय में अनधिकृत रूप से अनुपस्थित रहने, ई-शिक्षाकोष पर फर्जी उपस्थिति दर्ज करने, समय से पहले विद्यालय छोड़ने, एक ही फोटो का बार-बार इस्तेमाल करने, अवकाश नियमों का उल्लंघन करने और पदीय दायित्वों में लापरवाही को गंभीर कृत्य माना है।
निलंबन की शर्तें
निलंबन अवधि में शिक्षक अमित कुमार अमन का मुख्यालय प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, फुल्लीडुमर के कार्यालय में निर्धारित किया गया है। निर्धारित मुख्यालय से निर्गत अनुपस्थिति विवरणी के आधार पर उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। विभाग की इस कार्रवाई से ई-शिक्षाकोष पर उपस्थिति में किसी तरह की गड़बड़ी करने वाले शिक्षकों को स्पष्ट संदेश गया है कि डिजिटल माध्यम से दर्ज होने वाली हाजिरी भी विभागीय जांच के दायरे में है और अनियमितता पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।

