राष्ट्र निर्माण में शिक्षक की भूमिका अहम
मेजा। शिक्षक दिवस के अवसर पर विकासखंड मेजा स्थित ब्लॉक संसाधन केंद्र पर शिक्षक सम्मान

शिक्षक दिवस के अवसर पर विकासखंड मेजा स्थित ब्लॉक संसाधन केंद्र पर शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख गंगा प्रसाद मिश्र ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित करते हुए कहा कि प्राचीन समय से ही गुरु-शिष्य परंपरा का विशेष महत्व रहा है। गुरु के सम्मान और महत्व को बनाए रखने के लिए शिक्षकों द्वारा किए जा रहे सार्थक प्रयासों का परिणाम है कि आज उत्तर प्रदेश में बेसिक शिक्षा के क्षेत्र में अच्छे परिणाम सामने आ रहे हैं। इस अवसर पर विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय सिंहपुर खुर्द की गरिमा श्रीवास्तव, प्राथमिक विद्यालय बुद्धिमान सिंह का पूरा की शैलजा सिंह, प्राथमिक विद्यालय सिरहिर के बृजेंद्र यादव, प्राथमिक विद्यालय कोहट की रुखसाना, कंपोजिट विद्यालय तेंदुआ के सर्वेश तिवारी, जूनियर हाईस्कूल भसुंदर के प्रतीक शुक्ला, प्राथमिक विद्यालय पताई के उमेश चंद्र तिवारी, कंपोजिट विद्यालय बरसैंता के अनिकेत जायसवाल, घोरहा के आशीष चौधरी तथा पथरा विद्यालय के विनय कुमार वर्मा को उत्कृष्ट शिक्षक के रूप में प्रमाण पत्र एवं अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
खंड शिक्षा अधिकारी कैलाश सिंह ने कहा कि ग्रामीण एवं दूरदराज के विद्यालयों में शिक्षक पूरी निष्ठा के साथ बेहतर कार्य कर रहे हैं। उत्तरप्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष मनीष तिवारी ने सम्मानित शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षक विभिन्न स्कूल गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को शिक्षा प्रदान कर रहे हैं। कार्यक्रम का संचालन जगदीश निगम ने किया। इस मौके पर विमलेश यादव आदि मौजूद रहे।


