रांची विश्वविद्यालय के गणित विभाग में मनाया शिक्षक दिवस
रांची विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर गणित विभाग में शिक्षक दिवस समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षकों और विद्यार्थियों ने भाग लिया। डॉ राधाकृष्णन को श्रद्धांजलि दी गई। विभागाध्यक्ष ने शिक्षकों की समाज में भूमिका की चर्चा की और विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। शिक्षकों ने प्रेरक विचार साझा किए और छात्रों को शुभकामनाएं दीं।

रांची, विशेष संवाददाता। रांची विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर गणित विभाग में मंगलवार को शिक्षक दिवस समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभाग के सभी शिक्षकों, शोधार्थियों, शिक्षण सहायकों व विद्यार्थियों ने भाग लिया। इसमें महान शिक्षाविद् व भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। गणित विभागाध्यक्ष डॉ अबरार अहमद ने शिक्षा व समाज के निर्माण में शिक्षकों के योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने शिक्षक के जीवन, उसकी भूमिका और जिम्मेदारियों की चर्चा करते हुए कहा कि शिक्षक सिर्फ विद्यार्थियों को विषय का ज्ञान देने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि उनके व्यक्तित्व, चरित्र व भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाला मार्गदर्शक होता है।
विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता व सम्मान व्यक्त करते हुए विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। समारोह के दौरान शिक्षकों ने भी अपने विचार साझा किए। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने अनुभवों से प्रेरित करते हुए जीवन में निरंतर सीखने, अनुशासन, मेहनत एवं सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।


