शिक्षकों ने टीएलएम के जरिए प्रस्तुत किए प्रभावी शिक्षण के मॉडल
हरियाणा के प्राथमिक विद्यालय अभनपुर में शिक्षक संकुल बैठक आयोजित की गई। बैठक में शिक्षकों का स्वागत कर शिक्षण विधियों पर मार्गदर्शन दिया गया। जिलाधिकारी द्वारा शिक्षकों की पुस्तकों के अध्ययन की जानकारी लेने से पढ़ाई में रुचि बढ़ाने की बात सामने आई। कार्यशाला में प्रभावी शिक्षण विधियों का प्रदर्शन किया गया।

ब्लॉक के ग्राम हरियाणा के प्राथमिक विद्यालय अभनपुर में मंगलवार को शिक्षक संकुल बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। शिक्षक मुन्नी सिंह ने सभी शिक्षकों का स्वागत करते हुए बैठक के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। बैठक में अशोक कुमार ने शिक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन दिया। वहीं नीति गोयल ने बताया कि जिलाधिकारी विद्यालय भ्रमण के दौरान शिक्षकों से उनके अध्ययन की गई पुस्तकों के बारे में भी जानकारी लेते हैं, जिससे शिक्षकों में पठन-पाठन की रुचि बढ़े। इसके बाद आयुषी अग्रवाल ने खेल-खेल में बच्चों को पढ़ाने की रोचक एवं प्रभावी शिक्षण विधियों का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के अंत में मोहम्मद जुनैद,रीतू रस्तोगी एवं सरफराज आलम ने टीएलएम (शिक्षण-अधिगम सामग्री) के माध्यम से उपसर्ग और विलोम शब्दों का प्रभावी शिक्षण प्रस्तुत किया, जिसकी सभी शिक्षकों ने सराहना की। बैठक में प्रेमपाल, सादिक अली, शांति प्रकाश, पूजा रानी, विजय कुमार, सरस्वती देवी, आयुषी अग्रवाल, चरण सिंह सहित न्याय पंचायत के अनेक शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।


