निदेशक, मैनेजर, दो शिक्षिकाओं पर मुकदमा, जांच को पहुंची टीम
जलेसर रोड स्थित मदर्स प्राइड इंटरनेशनल स्कूल में एक शिक्षिका द्वारा चार वर्षीय छात्र अनमोल की आंख में पेंसिल मारकर उसे घायल किया गया। दूसरे छात्र आर्यन के कान का पर्दा भी फटा। छात्रों के परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई, जिसके बाद स्कूल प्रबंधन और शिक्षिकाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

जलेसर रोड स्थित मदर्स प्राइड इंटरनेशनल स्कूल में शिक्षिका द्वारा एक छात्र की आंख फोड़ दी तो दूसरे बच्चे के कान का पर्दा फाड़ दिया। छात्र के पिता की तहरीर पर उत्तर थाना पुलिस ने स्कूल के निदेशक, मैनेजर सहित दो शिक्षिकाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। शुक्रवार को एसडीएम और नगर शिक्षाधिकारी स्कूल में जांच करने के लिए स्कूल पहुंचे। अधिकारियों ने आरोपी शिक्षिकाओं, अभिभावकों और बच्चों के बयान दर्ज करते हुए पूरी घटना के बारे में जानकारी ली। जांच रिपोर्ट तैयार की जा रही है। कोटला रोड श्रीराम कॉलोनी निवासी मनोज कुमार का चार वर्षीय पुत्र अनमोल मदर्स प्राइड इंटरनेशनल स्कूल में एलकेजी का छात्र है।
छह जुलाई को कक्षा में पढ़ाई के दौरान शिक्षिका काजल ने उसकी आंख में पेंसिल मार दी। जिससे उसकी आंख फूट गई थी। यहीं नहीं मैनेजर विश्वनाथ शर्मा ने भी बच्चे के साथ मारपीट की। इसके बाद परिजन उसे दिल्ली स्थित एम्स ले गए, जहां 12 जुलाई को चिकित्सकों ने आंख का ऑपरेशन किया।दूसरी शिक्षिका योगेंद्री ने छात्र आर्यन के साथ मारपीट की, जिससे उसके कान का पर्दा फट गया। पीड़ित परिवार कभी उत्तर थाने तो कभी पुलिस चौकी के चक्कर लगाता रहा लेकिन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं हो सका। इसके बाद परिजनों ने एसएसपी आदित्य लांग्हे से मुलाकात कर न्याय दिलाने की गुहार लगाई। एसएसपी के निर्देश पर इलाका पुलिस ने मैनेजर विश्वनाथ शर्मा, निदेशक और दोनों शिक्षिकाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।


