पोर्टेबल एक्स-रे मशीन से 45 लोगों की हुई टीबी स्क्रीनिंग, 13 नमूने लिए
पीलीभीत में जिला क्षय रोग केंद्र ने पोर्टेबल एक्स-रे मशीन से टीबी स्क्रीनिंग कैंप लगाया। 45 लोगों का एक्स-रे किया गया, जिनमें से 13 संदिग्धों के बलगम नमूने जांच के लिए भेजे गए। अस्पताल की आशा कार्यकर्ताओं ने कैंप तक लोगों को पहुंचाने में मदद की। डॉ. जन्मिजय सिंह ने जागरूकता बढ़ाई।

पीलीभीत। जिला क्षय रोग केंद्र की ओर से सोमवार को पुराना अस्पताल पीएचसी मोहल्ला शेखचांद में पोर्टेबल एक्स-रे मशीन के माध्यम से टीबी स्क्रीनिंग कैंप आयोजित किया गया। कैंप में 45 लोगों का एक्स-रे किया गया, जबकि संदिग्ध पाए गए 13 लोगों के बलगम के नमूने लेकर जांच के लिए जिला क्षय रोग केंद्र भेजे गए। कैंप में अस्पताल से संबद्ध आशा कार्यकर्ताओं ने घर-घर संपर्क कर मधुमेह के मरीजों, 60 वर्ष से अधिक आयु के लोगों तथा जिन परिवारों में पहले टीबी मरीज रह चुका है, उन्हें जांच के लिए कैंप तक पहुंचाया। मेडिकल ऑफिसर डॉ. जन्मिजय सिंह ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण करने के साथ टीबी से बचाव और समय पर जांच कराने के प्रति जागरूक किया।
जिला क्षय रोग केंद्र की टीम में सीनियर ट्रीटमेंट सुपरवाइजर राजेश कुमार गंगवार, शेर सिंह चौहान तथा एक्स-रे टेक्नीशियन अनीता वर्मा ने स्क्रीनिंग की। एक्स-रे में संदिग्ध पाए गए लोगों के बलगम के नमूने फाल्कन ट्यूब में एकत्र कर सीबी-नैट जांच के लिए जिला क्षय रोग केंद्र भेजे गए। कैंप के संचालन में आशा कार्यकर्ता सायरा, राधिका गुप्ता, सोनी बाजपेई, गांधारी, सीमा सक्सेना सहित अन्य का विशेष सहयोग रहा।


