टीबी मुक्त भारत अभियान को मिली गति, 16 मरीजों को मिला फूड बॉस्केट
महादेव इंकलेब ने 10 टीबी मरीजों को लिया गोद, संभाली जिम्मेदारी* महादेव इंकलेब ने 10 टीबी मरीजों को लिया गोद, संभाली जिम्मेदारी* सिविल सर्जन की अपील:

बांका, नगर प्रतिनिधि। राष्ट्रीय यक्ष्मा उन्मूलन कार्यक्रम (एनटीईपी) के तहत शुक्रवार को सिविल सर्जन कार्यालय के सभागार में टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत एक कार्यक्रम का आयोजन सिविल सर्जन डॉ. जितेंद्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य
कार्यक्रम के दौरान जिले के कुल 16 टीबी मरीजों के बीच फूड बॉस्केट का वितरण किया गया। साथ ही समाज के सक्षम एवं जागरूक लोगों से टीबी मरीजों को गोद लेकर उनके पोषण एवं उपचार में सहयोग करने की अपील की गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सिविल सर्जन डॉ. जितेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि, टीबी एक गंभीर लेकिन पूरी तरह से इलाज योग्यता बीमारी है। यदि समय पर जांच, नियमित दवा और पौष्टिक आहार से मरीजों को दिया जाय तो वो पूरी तरह से स्वस्थ हो सकते हैं।
टीबी की जांच और उपचार
उन्होंने आगे बताया कि, राष्ट्रीय यक्ष्मा उन्मूलन कार्यक्रम के तहत जिले के सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर टीबी की निःशुल्क जांच, इलाज एवं दवाइयों की व्यवस्था उपलब्ध है। इस दौरान उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि, लगातार दो सप्ताह से अधिक खांसी, वजन में कमी, बुखार अथवा अन्य लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं।
निक्षय पोषण योजना
उन्होंने आगे जानकारी देते हुए बताया कि, निक्षय पोषण योजना (एनपीवाई) के तहत प्रत्येक टीबी मरीज के बैंक खाते में सरकार की ओर से छह माह तक प्रतिमाह एक हजार रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि मरीजों को उपचार के दौरान पौष्टिक भोजन मिल सके और वे जल्द स्वस्थ हो सकें। जबकि इस अभियान के अंतर्गत जिलाधिकारी एवं सिविल सर्जन की ओर से समाज के सम्मानित एवं समृद्ध लोगों से कम-से-कम एक टीबी मरीज को गोद लेकर निक्षय मित्र बनने तथा जिले को टीबी मुक्त बनाने के अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की गई।
समुदाय की भागीदारी
इस अवसर पर सामाजिक संस्था महादेव इंकलेब ने सराहनीय पहल करते हुए जिले के 10 टीबी मरीजों को गोद लिया तथा उन्हें फूड बॉस्केट उपलब्ध कराया। वहीं मुखिया प्रतिनिधि सुमित कुमार, पैक्स अध्यक्ष संजय कुमार मांझी एवं समाजसेवी धर्मेंद्र कुमार को स्वास्थ्य विभाग द्वारा निक्षय मित्र बनाया गया। सभी ने भविष्य में भी टीबी मरीजों के पोषण एवं देखभाल में सहयोग देने का संकल्प लिया। जबकि कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) ब्रजेश कुमार सिंह, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. शैलेंद्र कुमार, स्वास्थ्य प्रबंधक राजेश रंजन, राजदेव राय, अनुज कुमार, गणेश झा सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी, कर्मी एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।


