सर्वर डाउन रहने से आयकर रिटर्न दाखिल करने में परेशानी
- बार-बार अटकने के कारण हो जा रहा था टाइम आउट - अंतिम दिन

मुजफ्फरपुर, वसं। आयकर विवरणी भरने वालों को शुक्रवार को अंतिम दिन काफी परेशानी उठानी पड़ी। इसका कारण आयकर विभाग का सर्वर डाउन रहना बताया गया। इसको लेकर आयकर विवरणी भरने वाले आयकर अधिवक्ता, चार्टर्ड अकाउंटेंट से लेकर निजी तौर पर विवरणी दाखिल करने वाले घंटों परेशान रहे। निजी तौर पर आयकर विवरणी दाखिल करने वाले मनीष कुमार ने बताया कि विवरणी दाखिल करने के दौरान बार-बार अटक जा रहा था। आगे नहीं बढ़ पाने के कारण टाइम आउट हो जा रहा था। इस कारण काफी परेशानी हुई। वहीं, आयकर अधिवक्ता प्रदीप कुमार वर्मा ने बताया कि शुक्रवार को वेतनभोगियों के लिए आयकर विवरणी दाखिल करने का अंतिम दिन था।
अधिकतर लोग अंतिम समय तक विवरणी दाखिल करने का इंतजार करते हैं। संभवत: इसी से अचानक से लोड बढ़ने के कारण सर्वर की गति धीमी हो गई। इस कारण विवरणी दाखिल करने में देर लग रही थी। हालांकि शाम होते ही स्थिति सामान्य होने के बाद विवरणी दाखिल करने में तेजी आई। कहा कि अंतिम दिन विवरणी दाखिल नहीं करने पर न्यूनतम एक हजार और अधिकतम पांच हजार का जुर्माना लगाने का प्रावधान नये कर अधिनियम में किया गया है।


