आयकर ने चेताया, विदेशी आय-संपत्तियों का करें खुलासा
संजय प्लेस स्थित आयकर भवन में करदाताओं और पेशेवरों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें अग्रिम कर के समय पर भुगतान, टीडीएस से संबंधित जानकारी और विदेशी परिसंपत्तियों का प्रकटीकरण बताया गया। प्रधान आयकर आयुक्त डॉ. संजय कुमार लाल ने कराधान की प्रक्रिया और अनुपालन के महत्व पर प्रकाश डाला।

संजय प्लेस स्थित आयकर भवन में शुक्रवार को करदाताओं एवं पेशेवरों के लिए जागरूकता कार्यक्रम किया गया। कार्यक्रम में कर अनुपालन पर बात रखी गई। अग्रिम कर की दूसरी किश्त समय से देने के लिए आगाह किया गया। स्रोत पर कर कटौती (टीडीएस) और विदेशी परिसंपत्तियों एवं विदेशी आय के प्रकटीकरण जानकारी दी गई। प्रधान आयकर आयुक्त प्रथम डॉ.संजय कुमार लाल ने अग्रिम कर की अवधारणा, कर देयता के समयबद्ध आकलन, निर्धारित किश्तों में कर भुगतान तथा समय पर अनुपालन के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने करदाताओं से अपनी कर देयता की समय-समय पर समीक्षा करते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर अग्रिम कर का भुगतान सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
सहायक आयुक्त अनिल पटेल ने टीडीएस से संबंधित प्रावधानों, कर कटौती एवं जमा करने की समय सीमा तथा करदाताओं एवं डिडक्टर्स के व्यावहारिक अनुपालन पर जानकारी दी। सहायक निदेश मो.मिर्जा ने विदेशी परिसंपत्तियों एवं विदेशी आय के प्रकटीकरण पर प्रस्तुतिकरण दिया। मुख्य अतिथि प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त अपर्णा करण रहीं। इस दौरान प्रधान आयुक्त विनय करण, आयकर आयुक्त टीडीएस संजय यादव, अपर आयुक्त नरेश चंद्र एवं राजेश गुप्ता, आईटीओ मुख्यालय रविंद्र सिंह रहे। नेशनल चैंबर का प्रतिनिधित्व अनिल वर्मा ने किया। आभार उप आयुक्त आशिमा महाजन ने जताया।


