पश्चिमी सिंहभूम के 12 मूक-बधिर छात्रों के लिए खुला शिक्षा का नया रास्ता
टाटा स्टील फाउंडेशन ने 'सबल' कार्यक्रम के तहत 12 मूक-बधिर छात्रों को जमशेदपुर में नामांकन और आवासीय सहायता प्रदान की है। यह कार्यक्रम जनजातीय और ग्रामीण समुदायों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और संवाद सहायता उपलब्ध कराने के लिए है। छात्रों को भारतीय सांकेतिक भाषा एवं कंप्यूटर प्रशिक्षण भी दिया गया है।
जमशेदपुर। टाटा स्टील फाउंडेशन ने अपने प्रमुख दिव्यांगजन समावेशन कार्यक्रम 'सबल' के तहत पश्चिमी सिंहभूम के ग्रामीण प्रखंडों के 12 मूक-बधिर छात्रों को जमशेदपुर के कार्मेल बाल विहार (सीबीवी) में नामांकन एवं आवासीय सहायता उपलब्ध कराई है। यह जेसीएपीसीपीएल समर्थित डेफ इंक्लूजन प्रोजेक्ट के अंतर्गत 'सबल' की पहली पहल है।इसका उद्देश्य जनजातीय एवं ग्रामीण समुदायों के मूक-बधिर बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, संवाद सहायता एवं अनुकूल सीखने का वातावरण उपलब्ध कराना है। चयनित छात्र आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से हैं और सुनने-बोलने की अक्षमता के कारण औपचारिक शिक्षा में कई बाधाओं का सामना कर रहे थे। कई छात्र 'सबल' से जुड़कर भारतीय सांकेतिक भाषा (आईएसएल) एवं कंप्यूटर प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके हैं।
कार्मेल बाल विहार में नामांकन से इन छात्रों को औपचारिक शिक्षा, आवासीय देखभाल एवं संवाद सहायता मिलेगी। सीबीवी की प्राचार्या सिस्टर अमिका ने कहा कि शिक्षा सफलता की कुंजी है। टाटा स्टील फाउंडेशन के कैप्टन अमिताभ ने कहा कि शिक्षा जीवन बदलने की शक्ति रखती है और हर बच्चे को सीखने का समान अवसर मिलना चाहिए।


