बोनस के 163.85 करोड़ रुपये टाटा स्टील कर्मियों के खाते में पहुंचे
टाटा स्टील के 11,021 कर्मचारियों के खातों में वित्त वर्ष 2025-26 का बोनस पहुंचा। कुल राशि 163 करोड़ 85 लाख रुपये है। कर्मचारियों को अधिकतम चार लाख 52 हजार, न्यूनतम 39 हजार और औसत एक लाख 48 हजार 675 रुपये बोनस मिला। बाजार में पैसे आने से ख़रीदारी बढ़ने की उम्मीद है।

टाटा स्टील के कर्मचारियों के खाते में वित्तीय वर्ष 2025-26 की बोनस की राशि शुक्रवार को पहुंच गई। जमशेदपुर प्लांट से संबंधित 11,021 कर्मचारियों के खाते में कुल 163 करोड़ 85 लाख रुपये पहुंचे हैं। कर्मचारियों ने बोनस राशि आने की पुष्टि की है। एसएनटीआई के ओल्ड सीरीज के एक कर्मचारी को अधिकतम चार लाख 52 हजार 512 रुपये मिले हैं। न्यू सीरीज के कर्मचारियों को अधिकतम बोनस राशि एक लाख 28 हजार 448 रुपये और न्यूनतम 39 हजार 16 रुपये बोनस मिले हैं। वैसे कुल कर्मचारियों की औसत बोनस राशि एक लाख 48 हजार 675 रुपये है। बोनस समझौता तीन सितंबर को हुआ था।
उसी समय यह बात बता दी गई थी कि बोनस का पैसा कर्मचारियों के खाते में 11 सितंबर को आ जाएगा। दुकानदार और व्यापारी इस पैसे के बाजार में आने से रौनक की उम्मीद बांधे हैं। गाड़ी, कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक सामान आदि की खरीदारी बढ़ने की संभावना जताई जाती है।


