टाटा स्टील में अधिकारी बनने का मौका, 30 तक आवेदन
टाटा स्टील ने आंतरिक पदोन्नति प्रक्रिया के तहत योग्य नॉन-ऑफिसर कर्मचारियों से आईएल-6 ग्रेड में असिस्टेंट मैनेजर पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। तकनीकी और गैर-तकनीकी क्षेत्रों के 34 डोमेन में अवसर हैं। कर्मचारी अधिकतम तीन डोमेन चुन सकते हैं और 30 अक्तूबर 2026 तक आंतरिक पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं। चयन ऑनलाइन लिखित परीक्षा और साक्षात्कार से होगा।

टाटा स्टील में कार्यरत योग्यताधारी कर्मचारियों को अधिकारी बनने का मौका मिला है। कंपनी प्रबंधन ने आंतरिक पदोन्नति प्रक्रिया के तहत नॉन-ऑफिसर कर्मचारियों से आईएल-6 ग्रेड में असिस्टेंट मैनेजर पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इसके लिए तकनीकी और गैर-तकनीकी क्षेत्रों के कुल 34 डोमेन में अवसर दिए गए हैं। पात्र कर्मचारी 30 अक्तूबर 2026 तक कंपनी के आंतरिक पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। कंपनी के टैलेंट एक्वीजिशन एवं टैलेंट डेवलपमेंट विभाग की ओर से जारी सर्कुलर के अनुसार, टाटा स्टील और उसकी विलय की गई इकाइयों के पात्र नॉन ऑफिसर और ओएल ग्रेड के कर्मचारी आवेदन कर सकते हैं। बीई, बीटेक, एमई और एमटेक डिग्रीधारकों के लिए कम से कम तीन साल का सेवा अनुभव जरूरी है। डिप्लोमा, स्नातक और स्नातकोत्तर डिग्रीधारकों के लिए पांच साल का अनुभव अनिवार्य है। लैटरल एंट्री से आए बीई-बीटेक कर्मचारियों के पास पूर्व अनुभव के साथ टाटा स्टील में कम से कम दो साल की सेवा होनी चाहिए।
उपलब्ध डोमेन और आवेदन विकल्प
तीन डोमेन चुनने का विकल्प
कर्मचारी एडमिनिस्ट्रेशन, ब्लास्ट फर्नेस, ऑटोमेशन मेंटेनेंस, सिविल, इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल, माइनिंग, मानव संसाधन, विधि, लॉजिस्टिक्स, सुरक्षा और स्टील मेकिंग समेत 34 डोमेन में आवेदन कर सकते हैं। एक कर्मचारी अधिकतम तीन डोमेन चुन सकता है। आवेदन के बाद विकल्प बदलने की अनुमति नहीं होगी।
चयन प्रक्रिया और नियुक्ति
परीक्षा और साक्षात्कार से चयन
चयन डोमेन आधारित ऑनलाइन लिखित परीक्षा और व्यक्तिगत साक्षात्कार से होगा। सुरक्षा विभाग के पदों के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा भी होगी। पिछले तीन मूल्यांकन चक्र में 11 या उससे अधिक प्रदर्शन रेटिंग स्कोर वाले पात्र ओएल ग्रेड कर्मचारियों को लिखित परीक्षा से छूट मिलेगी। चयनित कर्मचारियों को प्रशिक्षण के बाद रिक्तियों के अनुसार विभिन्न स्थानों पर नियुक्त किया जाएगा। आवेदन के लिए कर्मचारी कंपनी के आंतरिक पोर्टल https://irisapp.corp.tatasteel.com/recruit/Location.aspx पर जा सकते हैं।

