डेटा सेंटर क्षेत्र में टाटा पावर के पास 2.8 गीगावाट से अधिक की संभावनाएं
भारत में एआई, क्लाउड और डिजिटल सेवाओं की बढ़ती मांग के बीच टाटा पावर डेटा सेंटर क्षेत्र में विस्तार कर रही है। कंपनी 18 घरेलू और वैश्विक संचालकों के साथ 29 परियोजनाओं पर काम कर रही है, जिनमें 2.8 गीगावाट से अधिक क्षमता की संभावना है। मुंबई में बिजली जरूरतें पूरी करने के लिए वह ट्रांसमिशन नेटवर्क भी मजबूत कर रही है।

जमशेदपुर। भारत में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), क्लाउड और डिजिटल सेवाओं की बढ़ती मांग के बीच टाटा पावर डेटा सेंटर क्षेत्र में अपनी भूमिका का विस्तार कर रही है। कंपनी के पास 18 प्रमुख घरेलू और वैश्विक डेटा सेंटर संचालकों के साथ 2.8 गीगावाट से अधिक क्षमता की संभावनाएं हैं। इसके लिए 29 परियोजनाओं पर काम चल रहा है।कंपनी के अनुसार, इस अवसर में वितरण नेटवर्क के तहत 430 मेगावाट, ट्रांसमिशन से जुड़ी 1236 मेगावाट और हरित ऊर्जा की 1150 मेगावाट क्षमता शामिल है। टाटा पावर बिजली आपूर्ति के अलावा नवीकरणीय ऊर्जा, ऊर्जा भंडारण, ग्रिड कनेक्टिविटी, कूलिंग सिस्टम और उपयोगी बुनियादी ढांचा उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है।मुंबई
महानगर क्षेत्र में डेटा सेंटरों की बढ़ती बिजली जरूरतों को पूरा करने के लिए कंपनी 110 और 220 किलोवोल्ट के ट्रांसमिशन नेटवर्क को मजबूत कर रही है। इसके तहत नए रिसीविंग स्टेशन और 400 किलोवोल्ट का ट्रांसमिशन रिंग नेटवर्क विकसित किया जा रहा है। यह कार्य 15 हजार करोड़ रुपये की मुंबई ग्रिड उन्नयन एवं विस्तार योजना का हिस्सा है।केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण के अनुमानों के अनुसार, वित्त वर्ष 2031-32 तक एआई आधारित डेटा सेंटरों से करीब 26.3 गीगावाट अतिरिक्त बिजली मांग पैदा हो सकती है।

