टाटा मोटर्स के मजदूरों के हित में इस बार 20% बोनस हो : बंटी
टाटा मोटर्स बाईसिक्स यूनियन के पूर्व नेता बंटी सिंह ने कहा है कि कर्मचारियों को 20 प्रतिशत बोनस दिलाने हेतु पहल आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब कोई अस्थायी कर्मचारी नहीं हैं, इसलिए बोनस बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित किया जाना चाहिए। साथ ही, कंपनी द्वारा लाभ और उत्पादन का आंकड़ा भी कर्मचारियों के सामने रखा जाना चाहिए।

टाटा मोटर्स बाईसिक्स यूनियन के पूर्व नेता बंटी सिंह ने कहा कि टाटा मोटर्स यूनियन को इस बार मजदूर हित में फैसला लेते हुए कर्मचारियों को 20 प्रतिशत बोनस दिलाने के लिए पहल करनी चाहिए। उन्होंने रविवार को बयान जारी कर कहा कि अक्तूबर 2025 में टाटा मोटर्स के कॉमर्शियल और पैसेंजर व्हीकल्स कारोबार के अलग-अलग कंपनियों में विभाजन के बाद जमशेदपुर प्लांट के कर्मचारियों के लिए यह बोनस समझौता एक नए दौर की शुरुआत है। इस बार सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि कंपनी में अब एक भी बाईसिक्स (अस्थायी) कर्मचारी शेष नहीं हैं। इसलिए बोनस के साथ स्थायीकरण का मुद्दा जोड़कर कर्मचारियों को गुमराह करने की कोई गुंजाइश नहीं है।
इसलिए अब पूरा ध्यान बोनस प्रतिशत बढ़ाने पर होना चाहिए। टाटा मोटर्स के मदर प्लांट जमशेदपुर ने पिछले वित्तीय वर्ष में कितना वार्षिक लाभ कमाया और कितना उत्पादन किया, इसका स्पष्ट आंकड़ा भी कर्मचारियों के सामने सार्वजनिक किया जाना चाहिए, ताकि बोनस पर बातचीत पूरी पारदर्शिता और वास्तविक तथ्यों के आधार पर हो। उन्होंने सवाल किया कि जब टाटा मोटर्स पर आश्रित टाटा कमिंस के कर्मचारियों को 20 प्रतिशत बोनस मिल सकता है तो टाटा मोटर्स के कर्मचारियों को 20 प्रतिशत बोनस क्यों नहीं मिल सकता।


