टाटा मोटर्स के डिप्लोमा इंजीनियर कंपनी के खर्च पर कर सकेंगे बीटेक
3.5 साल का कोर्स, काम करते हुए डिग्री हासिल कर सकेंगे कर्मी पढ़ाई का 90%

टाटा मोटर्स के डिप्लोमा कर्मचारी कंपनी के खर्च पर बीटेक कर सकेंगे। 60 प्रतिशत नंबर के साथ डिप्लोमा करने वाले इसके पात्र होंगे। खास बात यह है कि ड्यूटी करते हुए कर्मचारी बीटेक की पढ़ाई कर सकेंगे। इसका कोर्स साढ़े तीन साल का होगा। पढ़ाई पर आने वाले कुल खर्च का 90 प्रतिशत कंपनी वहन करेगी, जबकि 10 प्रतिशत हिस्सा कर्मचारी को वहन करना होगा। यह राशि उसके वेतन से कटेगी। हालांकि बीटेक की डिग्री हासिल हो जाने के बाद कर्मचारी के हिस्से की 10 प्रतिशत राशि भी कंपनी लौटा देगी। इस आकर्षक योजना के लिए कर्मचारी 25 सितंबर तक आवेदन कर सकेंगे। चर्चित इंजीनियरिंग कॉलेज बिट्स पिलानी के माध्यम से नामांकन और पढ़ाई होगी। नामांकन के लिए प्रतियोगिता परीक्षा होगी। ऑनलाइन पढ़ाई मैनेजमेंट ट्रेनिंग सेंटर में होगी। सोमवार से शुक्रवार तक पढ़ाई शाम में सात से नौ बजे तक और शनिवार एवं रविवार को सुबह नौ से एक बजे दोपहर तक क्लास होगी.
अधिकारी बनने के इच्छुक कर्मियों के लिए वरदान
पूर्व में परिस्थितिवश इंजीनियरिंग नहीं कर सके कर्मचारी अपने करियर और महत्वाकांक्षा पूरी करने के लिए कंपनी के इस प्रस्ताव को सहर्ष स्वीकार कर सकते हैं। बीटेक करने के बाद उनके प्रमोशन का रास्ता खुल जाएगा और वे अधिकारी बन सकेंगे। कम ही ऐसी कंपनियां हैं, जो अपने खर्च पर कर्मचारियों को उच्च शिक्षा दिलवाती हैं। वह भी ड्यूटी करते हुए उनके लिए अनुकूल समय तय कर उनकी राह आसान बनाती हैं। टाटा मोटर्स ने अपने कर्मचारियों के लिए इस तरह का रास्ता निकाला जिसका फायदा कर्मचारी आसानी से उठा सकते हैं। खास बात है कि उन पर इसका कोई अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी नहीं पड़ेगा, क्योंकि उन्हें कोर्स का मात्र 10 प्रतिशत खर्च ही उठाना है.


