टाटा डीएवी भुइयांडीह के विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से दिया
टाटा डीएवी भुइयांडीह के विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से दिया खेल-जागरूकता का संदेश वेस्ट बोकारो, निज प्रतिनिधि। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर

टाटा डीएवी भुइयांडीह के विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से दिया खेल-जागरूकता का संदेश
वेस्ट बोकारो, निज प्रतिनिधि।
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर टाटा डीएवी पब्लिक स्कूल भुइयांडीह में शनिवार को विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने उनके प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए उनके जीवन, संघर्ष, खेल उपलब्धियों तथा राष्ट्र के लिए उनके अमूल्य योगदान पर विस्तार से चर्चा की। इस अवसर पर विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन एवं उनमें खेल भावना विकसित करने के उद्देश्य से मेजर ध्यानचंद एवं खेल जगत से संबंधित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रश्नोत्तरी में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक एवं बढ़-चढ़कर भाग लिया।
खेल जागरूकता फैलाने का प्रयास
विशेष प्रार्थना सभा के पश्चात विद्यार्थियों ने स्थानीय क्षेत्र बड़गांव के मुख्य चौराहे, पर खेलों के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने अपने अभिनय, संवाद और संदेशों के माध्यम से लोगों को नियमित रूप से खेलों से जुड़ने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा खेलों को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों ने यह संदेश दिया कि खेल केवल मनोरंजन या प्रतियोगिता का माध्यम नहीं, बल्कि शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक स्फूर्ति, अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण आधार हैं। विद्यार्थियों ने विशेष रूप से युवाओं को मोबाइल और अन्य निष्क्रिय गतिविधियों में अधिक समय बिताने के बजाय खेलों एवं शारीरिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। नुक्कड़ नाटक के प्रभावशाली संदेश और बच्चों के अभिनय ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया तथा उपस्थित लोगों ने विद्यार्थियों के प्रयासों की प्रशंसा की। विद्यालय की प्राचार्या डॉ सोनिया तिवारी ने विद्यार्थियों के इस सार्थक प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि खेल बच्चों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी सक्रिय भागीदारी करने तथा स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
29 फ़ोटो वेस्ट बोकारो 01-मुख्य बाज़ार में टाटा डीएवी भुइयांडीह के विद्यार्थियों के नुक्कड़ नाटक में शामिल बच्चे, प्राचार्या और शिक्षक


