बांग्लादेशी लेखिका तस्लीमा नसरीन बोलीं, ‘मुझे बंगाल से निकालने वाले अब संघ का समर्थक बता रहे’
बांग्लादेशी लेखिका तस्लीमा नसरीन ने वामपंथी नेताओं पर हमला बोलते हुए कहा कि उनका कोलकाता दौरा भाजपा समर्थक बताने वाले आरोप गलत हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका दौरा 'सेक्युलर मिशन' द्वारा आयोजित किया गया है, और बंगाल सरकार केवल सुरक्षा प्रदान कर रही है।

नई दिल्ली, एजेंसी। बांग्लादेशी लेखिका तस्लीमा नसरीन ने पश्चिम बंगाल के वामपंथी नेताओं पर पलटवार किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कोलकाता के अपने आगामी दौरे (जो लगभग 19 साल बाद हो रहा है) से पहले उन्हें भाजपा और संघ समर्थक बताया जा रहा है। एक्स पर एक पोस्ट में नसरीन ने लिखा कि उन्हें न तो संघ ने कोलकाता बुलाया है, न ही राज्य सरकार ने। उनका यह प्रस्तावित दौरा ‘सेक्युलर मिशन’ द्वारा आयोजित है। इस संस्था का नेतृत्व प्रगतिशील मुस्लिम उस्मान गनी मल्लिक करते हैं। नसरीन ने कहा, ‘बंगाल सरकार मेरे दौरे के लिए सिर्फ सुरक्षा प्रदान कर रही है।
मैं जब भी किसी राज्य में जाती हूं तो वहां सत्ता में चाहे कोई भी दल हो, सरकार सुरक्षा देती है।’ बंगाल के वामपंथी गुटों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, ‘उन्होंने मुझे पश्चिम बंगाल से बाहर निकाल दिया था। अब वे दावा करते हैं कि मैं हिंदुत्व, भाजपा या संघ समर्थक हूं।’ उन्होंने कहा कि यह वामपंथी नेताओं का दोहरापन है, क्योंकि माकपा के निमंत्रण पर वह कई बार केरल गईं, जहां उन्हें सुरक्षा के साथ स्वागत मिला।


