बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंचे विधायक, बांटी राहत किट
उमरी बेगमगंज में बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए राहत किट लेकर तरबगंज विधायक प्रेमनारायण पांडे पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से उनकी समस्याएं सुनकर भरोसा दिया कि सरकार इस संकट में उनके साथ है और कोई भी भूखा नहीं सोएगा। राहत पैकेट वितरित किए जा रहे हैं और आवश्यकता अनुसार और मदद की जाएगी।

उमरी बेगमगंज। चारों तरफ पानी के बीच बुधवार को बाढ़ चौकी ऐली-परसौली पर राहत किट लेकर पहुंचे तरबगंज विधायक प्रेमनारायण पांडे ने प्रभावित परिवारों से उनका हाल जाना। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में उन्हें अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। सरकार की प्राथमिकता है कि बाढ़ प्रभावित कोई भी परिवार भूखा न सोए। विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रदेश के प्रत्येक परिवार को अपना परिवार मानते हैं। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहले से लंच पैकेट पहुंचाए जा रहे हैं। अब राहत किट भी वितरित की जा रही हैं, ताकि लोगों को जरूरी खाद्य सामग्री के लिए परेशान न होना पड़े।
राहत किट मिलने पर कई परिवारों के चेहरों पर कुछ राहत नजर आई। हालांकि बाढ़ से घिरे ग्रामीणों की सबसे बड़ी चिंता अभी भी घर, पशुओं के चारे और सुरक्षित आवागमन को लेकर बनी हुई है। विधायक ने प्रभावित लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और भरोसा दिलाया कि राहत एवं बचाव कार्य में किसी तरह की कमी नहीं आने दी जाएगी। इस दौरान विधायक ने पिछली सरकारों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि आपदा के समय पहले राहत के नाम पर क्या मिलता था और अब क्या मिल रहा है, इसका अंतर जनता स्वयं देख रही है। उन्होंने कहा कि सरकार बाढ़ प्रभावितों की मदद के लिए लगातार काम कर रही है और जरूरत के अनुसार और राहत पहुंचाई जाएगी।इस मौके पर एसडीएम तरबगंज प्रदीप कुमार सिंह, तहसीलदार आशुतोष पांडे, कानूनगो अवधेश दुबे, हल्का लेखपाल अंकित कुमार, सुरजीत सिंह, अर्जुन सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे।


