तमिलनाडु में विवादित परिपत्र पर मांगा जवाब
तमिलनाडु के उच्च शिक्षा निदेशालय ने संयुक्त निदेशक पी सिंतिया सेल्वी से विवादित परिपत्र पर स्पष्टीकरण मांगा है। आयुक्त पी पोनैया ने नोटिस जारी कर एक सप्ताह के अंदर जवाब देने के लिए कहा है, जिसमें छात्रों की जानकारी एकत्र करने के निर्देश पर सवाल उठाए गए हैं। माकपा ने विरोध प्रदर्शन किया है।

चेन्नई, एजेंसी। तमिलनाडु के उच्च शिक्षा निदेशालय ने शनिवार को संयुक्त निदेशक पी सिंतिया सेल्वी से विवादित परिपत्र जारी करने के संबंध में स्पष्टीकरण मांगा है। बताया गया कि उच्च शिक्षा आयुक्त पी पोनैया ने नोटिस जारी कर सेल्वी को एक सप्ताह के अंदर जवाब देने का निर्देश दिया है। उनसे स्पष्ट करने को कहा गया है कि संस्थानों को भेजा गया परिपत्र किन परिस्थितियों में तैयार और जारी किया गया। बता दें, इसमें पूर्व विभागीय मंजूरी के बिना राजनीतिक प्रदर्शनों में भाग लेने वाले छात्रों की जानकारी एकत्र करने का निर्देश दिया गया था। इस बीच मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने राज्य के सभी जिला मुख्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों पर प्रदर्शन किए।
इसके साथ ही आरोप लगाया कि सरकार निचले स्तर के अधिकारियों को बलि का बकरा बनाकर इस मुद्दे को दबाने की कोशिश कर रही है।


