कल से सदर अस्पताल में शुरू होगी स्वाइन फ्लू की जांच
रांची में स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों को देखते हुए सदर अस्पताल में जांच गुरुवार से शुरू होगी। अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ विमलेश ने कहा कि संदिग्ध मरीजों के लक्षण जैसे बुखार, खांसी और कमजोरी को ध्यान में रखते हुए, जांच किट की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। इससे मरीजों की समय पर पहचान और उपचार में मदद मिलेगी।

रांची, वरीय संवाददाता। राजधानी में स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों और इसके लक्षण वाले मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सदर अस्पताल में गुरुवार से स्वाइन फ्लू की जांच शुरू होगी। अस्पताल प्रबंधन ने जांच के लिए आवश्यक किट की उपलब्धता सुनिश्चित कर ली है। अब तक किट उपलब्ध नहीं होने के कारण संदिग्ध मरीजों की जांच नहीं हो पा रही थी। सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ विमलेश ने बताया कि अस्पताल में गुरुवार से स्वाइन फ्लू की जांच शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों से बड़ी संख्या में मरीज स्वाइन फ्लू जैसे लक्षण के साथ अस्पताल पहुंच रहे हैं।
ऐसे मरीजों में बुखार, खांसी, गले में खराश, शरीर में दर्द और कमजोरी जैसी शिकायतें देखी जा रही हैं। उन्होंने बताया कि जांच किट की पर्याप्त उपलब्धता नहीं होने के कारण अब तक मरीजों की जांच नहीं हो पा रही थी। बुधवार को अस्पताल को पर्याप्त संख्या में जांच किट उपलब्ध हो जाएगी। इसके बाद स्वाइन फ्लू के संदिग्ध मरीजों के सैंपल लेकर जांच की जाएगी। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, जांच शुरू होने से संदिग्ध मरीजों की समय पर पहचान हो सकेगी और जरूरत पड़ने पर उन्हें उपचार एवं आवश्यक सावधानियों के संबंध में चिकित्सकीय सलाह दी जा सकेगी। इससे संक्रमण के प्रसार पर भी नजर रखने में मदद मिलेगी।


