आईएचआईपी पोर्टल पर फीड होगा स्वाइन फ्लू का डाटा
संतकबीरनगर, हिन्दुस्तान संवाद। संतकबीरनगर जिले के स्वाइन फ्लू बीमारी की गांव से लेकर

संतकबीरनगर, हिन्दुस्तान संवाद। संतकबीरनगर जिले के स्वाइन फ्लू बीमारी की गांव से लेकर शहर तक मानीटरिंग की जा रही है। त्योहार पर इसे विभाग हाई एलर्ट के रूप में देख रहा है। जिले में अभी तक एक भी मरीज पाए नहीं गए हैं। शासन से बीमारी का पूरा विवरण आईएचआईपी पोर्टल पर फीड करने का निर्देश दिया गया है। ताकि इस बीमारी का पूरा डाटा प्रदेश में कहीं से भी देखा जा सके।स्वाइन फ्लू के मरीज के लिए एच1एन1 इन्फ्लूएंजा को जिम्मेदार माना जाता है। एयरबांड डीजीज होने के कारण छीकने और हाथ से मिलने से यह बीमारी तेजी से फैलती है।
इस बीमारी से बचने के लिए हाथ को साबुन से धोते रहना चाहिए। इस बीमारी में भी मांसपेशियों में दर्द के साथ बुखार आता है। आंखें लाल हो जाती हैं। नाक से पानी बहता रहता है। गले में खरास, ठंडक लगना, पसीना आना, पानी से भरी लाल आंखें साथ ही आंखों दर्द होता है। मरीजों को थकान और कमजोरी के लक्षण भी नजर आते हैं। इसके अलावा दस्त आना, पेट में दर्द होना, उल्टी होने का भी लक्षण नजर आता है। जिला स्तर पर बीमारी के मानिटरिंग करने की जिम्मेदारी मुख्य चिकित्साधिकारी डा. रामानुज कनौजिया ने उप मुख्य चिकित्साधिकारी डा. आरपी मौर्य को सौंपी है। साथ ही सभी पीएचसी और सीएचसी को पूरी तरह से एलर्ट कर दिया है। स्वास्थ्य विभाग को उन सभी अधिकारी व कर्मचारियों को बीमारी से जुड़ा डाटा पोर्टल पर फीड करने का निर्देश दिया है।


