स्विगी ने शिकायतों के लिए समर्पित हेल्पलाइन की शुरू
स्विगी ने ग्राहकों के लिए एक समर्पित हेल्पलाइन शुरू की है, जिससे वे अपने ऑर्डर से जुड़ी खाद्य सुरक्षा संबंधी चिंताओं या शिकायतों की जानकारी दे सकेंगे। यह कदम दिल्ली और महाराष्ट्र में खाद्य सुरक्षा के मामले पर बढ़े ध्यान के मद्देनजर उठाया गया है। ग्राहकों को अपनी शिकायतें दर्ज करने के लिए एक टिकट नंबर मिलेगा।

नई दिल्ली, एजेंसी। खाद्य व पेय पदार्थों की ऑनलाइन ऑर्डर पर आपूर्ति करने वाले मंच स्विगी ने ग्राहकों के लिए एक समर्पित हेल्पलाइन शुरू करने के साथ अपने ऐप के 'हेल्प' खंड में 'फूड सेफ्टी' चैनल सोमवार को शुरू किया। इसके जरिये ग्राहक अपने ऑर्डर से जुड़ी खाद्य सुरक्षा संबंधी किसी भी चिंता या शिकायत की जानकारी दे सकेंगे। यह कदम महाराष्ट्र जैसे राज्यों में खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा राज्यभर में कथित तौर पर की गई कार्रवाई और दिल्ली के पांच सितारा होटलों में भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) द्वारा किए गए निरीक्षण के बाद खाद्य सुरक्षा पर फिर से बढ़े ध्यान की पृष्ठभूमि में उठाया गया है。
शिकायत दर्ज कराने का तरीका
ग्राहक 7948231850 पर फोन करके अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। ऐप में बनाए गए समर्पित खंड के जरिये ग्राहक संक्षिप्त संदेश के साथ अपनी शिकायत साझा कर सकते हैं और संबंधित तस्वीरें भी साझा कर सकते हैं। शिकायत की स्थिति जानने के लिए उन्हें एक टिकट नंबर मिलेगा। हेल्पलाइन पर फोन करने वालों को उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एक लिंक भी भेजा जाएगा। इस लिंक के जरिये वे समस्या से जुड़ी अतिरिक्त जानकारी और तस्वीरें साझा कर सकेंगे। स्विगी की खाद्य सुरक्षा आश्वासन टीम मामलों की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई करेगी।


