जनसभा की अनुमति निरस्त होने पर भड़के स्वामी प्रसाद मौर्य, प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप
स्वामी प्रसाद मौर्य की बिजनौर में प्रस्तावित जनसभा की अनुमति निरस्त होने पर सियासत गरमा गई है। उन्होंने इसे अधिकारों का हनन बताते हुए हाईकोर्ट में याचिका दायर करने का निर्णय लिया है। मौर्य ने भाजपा सरकार पर भी बेरोजगारी और सरकारी संस्थानों के बंद होने के आरोप लगाए।

अपनी जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य की बिजनौर के शेरकोट में प्रस्तावित जनसभा की अनुमति निरस्त होने पर सियासत गरमा गई है। मीडिया से बातचीत में स्वामी प्रसाद मौर्य ने बिजनौर पुलिस-प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यह अधिकारों का हनन है। बिजनौर पुलिस प्रशासन के खिलाफ हाईकोर्ट में याचिका दायर करेंगे। उन्होंने कहा कि अनुमति की सूचना डेढ़ महीना पहले दी गई थी, एक दिन पहले अनुमति निरस्त करने का कोई औचित्य नहीं बनता है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं ने 25 लाख रुपये खर्च कर जनसभा की तैयारी कर रखी थी, जगह-जगह फोर व्हीलर बुक किए थे। कार्यक्रम निरस्त होने से गाड़ियां रोकी गईं। बड़े पैमाने पर मंच और पंडाल उखाड़ा गया। इसकी जवाबदेही कौन लेगा। गठबंधन को लेकर पूछे सवाल पर मौर्य ने कहा कि अभी पहली बैठक हुई है। पहली बैठक में ही सब कुछ तय नहीं होता। वार्ता सकारात्मक और संतोषजनक रही। आगे भी कई बैठकें होंगी। सीटों पर समय आने पर फैसला होगा。
भाजपा सरकार पर साधा निशाना
मौर्य ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार में करोड़ों युवा बेरोजगार हो रहे हैं। सरकारी भर्तियां बंद हैं, जिससे एससी-एसटी-ओबीसी का आरक्षण स्वतः खत्म हो गया। 80 करोड़ लोगों की जिंदगी पांच किलो राशन पर चल रही है। यह सरकार एक लाख 14 हजार सरकारी प्राइमरी स्कूल बंद कर चुकी है। हर 500 मीटर पर शराब की दुकान खुल रही है, लेकिन स्कूल बंद हो रहे हैं।
ईवीएम पर भी उठाए सवाल
ईवीएम और चुनाव आयोग पर पूछे सवाल पर उन्होंने कहा कि मुख्य चुनाव आयोग की भूमिका शक के घेरे में है। एसआईआर के नाम पर वोटर लिस्ट से नाम काटे जा रहे हैं।

