स्वच्छता की शपथ लेकर जवानों ने दिया स्वच्छता का संदेश
बलरामपुर में शुक्रवार को स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत एक समारोह हुआ, जहां सशस्त्र सीमा बल के जवानों ने स्वच्छता की शपथ ग्रहण की। कार्यक्रम में जवानों ने साफ-सफाई का संकल्प लिया और पर्यावरण के संरक्षण के लिए पौधरोपण किया। अधिकारियों ने स्वच्छता और जनभागीदारी का महत्व बताया।

बलरामपुर, संवाददाता। स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत शुक्रवार को 09वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल मुख्यालय में स्वच्छता शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में द्वितीय कमान अधिकारी एवं कार्यवाहक कमांडेंट कुमुद रंजन ने अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों और जवानों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। जवानों ने अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने, सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने और स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। इस दौरान जवानों को उन्होंने स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए अभियान को जनभागीदारी से सफल बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण स्वस्थ जीवन के लिए जरूरी है।
स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति या विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। जवानों ने स्वयं स्वच्छता अपनाने के साथ आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के तहत ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में भी अधिकारियों और जवानों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल का संकल्प भी लिया गया। अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण पर ध्यान देना भी जरूरी है, तभी स्वस्थ और स्वच्छ वातावरण तैयार किया जा सकता है। वाहिनी मुख्यालय के साथ ही एसएसबी की सभी 13 सीमा चौकियों पर भी स्वच्छता शपथ और पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। सीमा चौकियों पर तैनात कार्मिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। अभियान के दौरान परिसर और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने के लिए कार्मिकों ने लोगों को भी जागरूक किया।

