एसएसबी की दोनों वाहिनियों ने चलाया स्वच्छता अभियान, किया पौधारोपण
एसएसबी की दोनों वाहिनियों ने चलाया स्वच्छता अभियान, किया पौधारोपण एसएसबी की दोनों वाहिनियों ने चलाया स्वच्छता अभियान, किया पौधारोपण

ठाकुरगंज, निज संवाददाता। गांधी जयंती के अवसर पर शुक्रवार को सशस्त्र सीमा बल की 19वीं वाहिनी ठाकुरगंज और 41वीं वाहिनी रानीडंगा की ओर से स्वच्छता एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
स्वच्छता अभियान
दोनों वाहिनियों के मुख्यालय, समवायों और सीमा चौकियों में स्वच्छता प्रतिज्ञा, स्वच्छता अभियान तथा ‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत पौधारोपण किया गया। 19वीं वाहिनी के मुख्यालय एवं विभिन्न समवायों के कार्यक्षेत्र में सार्वजनिक स्थलों, बाजारों, विद्यालयों, सड़क किनारे तथा आसपास के क्षेत्रों में जवानों ने विशेष स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान आम लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने की अपील की गई। जवानों ने स्वच्छता की शपथ भी ली। वहीं, 41वीं वाहिनी रानीडंगा के मुख्यालय, विभिन्न समवायों एवं सीमा चौकियों में भी स्वच्छता अभियान चलाया गया।
कमांडेंट का योगदान
वाहिनी के कमांडेंट विकास कुमार ने अधिकारियों एवं जवानों को स्वच्छता की प्रतिज्ञा दिलाई। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को केवल विशेष दिवस या स्वच्छता पखवाड़े तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना जरूरी है। उन्होंने सभी कार्मिकों से घर, कार्यस्थल और सार्वजनिक स्थलों पर नियमित स्वच्छता बनाए रखने तथा दूसरों को भी जागरूक करने का आह्वान किया।
पौधारोपण
अभियान के दौरान दोनों वाहिनियों की ओर से ‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण किया गया। अधिकारियों एवं जवानों ने पौधों के संरक्षण और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया। 19वीं वाहिनी में कार्यक्रम कमांडेंट राज कुमार खलखो के मार्गदर्शन तथा उप कमांडेंट सह दण्डपाल बिनोद कुमार दास के नेतृत्व में आयोजित हुआ। अधिकारियों ने कहा कि सीमा सुरक्षा के साथ पर्यावरण संरक्षण और जन-जागरूकता के क्षेत्र में भी एसएसबी लगातार अपनी जिम्मेदारी निभा रही है। अभियान के माध्यम से लोगों से स्वच्छता बनाए रखने और अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की गई।

