शादी के एक साल बाद महिला का शव फंदे पर लटका मिला, कत्ल का आरोप
इटावा के नगला बाबा गांव में एक महिला का शव शादी के एक साल बाद फांसी के फंदे पर लटका मिला। परिजनों ने दहेज को लेकर प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है। परिवार में कोहराम मच गया है।

इटावा। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के नगला बाबा गांव में बुधवार सुबह शादी के एक साल एक महिला का शव घर के अंदर फांसी के फंदे पर लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या के बाद शव को फंदे से लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। नगला बाबा गांव निवासी 22 वर्षीय नंदनी पत्नी अखिलेश जाटव का शव बुधवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे पर लटका मिला।
परिजनों की सूचना पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। घटना के बाद गांव में लोगों की भीड़ जमा हो गई और परिवार में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलने पर सैफई थाना क्षेत्र के कुम्हावर गांव से मृतका के मायके पक्ष के लोग नगला बाबा पहुंचे। वहां पहुंचने के बाद उन्होंने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए। मृतका की मां मंजू ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी नंदनी की शादी आठ मई 2025 को नगला बाबा निवासी अखिलेश जाटव के साथ की थी। शादी के बाद कुछ समय तक सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन बाद में ससुराल पक्ष दहेज की मांग को लेकर उनकी बेटी को परेशान करने लगा। मां का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर नंदनी के साथ आए दिन मारपीट और प्रताड़ना की जाती थी। करीब डेढ़ महीने पहले भी किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद नंदनी नाराज होकर अपने मायके चली आई थी। उस समय दोनों परिवारों के लोगों और रिश्तेदारों ने बैठकर समझौता कराया था और समझाने-बुझाने के बाद उसे वापस ससुराल भेज दिया गया था। उनकी बेटी की हत्या करने के बाद ससुराल पक्ष ने मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फांसी के फंदे से लटका दिया। उसके साथ मारपीट कर उसकी जान ली गई है। घटना के बाद मायके पक्ष के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल था। प्रभारी निरीक्षक केके मिश्रा ने बताया पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे। मायके पक्ष के आरोपों को भी जांच में शामिल किया गया है।


