संविदाकर्मी की फाइनेंस कंपनी के कार्यालय में मौत
प्रयागराज में एक होम फाइनेंस कंपनी में संविदाकर्मी संतोष यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जहर सेवन की पुष्टि हुई है। उनकी बहन ने आरोप लगाया कि कंपनी ने समय पर अस्पताल नहीं पहुंचाया। संतोष की उम्र 35 वर्ष थी, और वह एक छोटे बच्चे का पिता था।

प्रयागराज, संवाददाता। सिविल लाइंस स्थित एक होम फाइनेंस कंपनी के कार्यालय में शनिवार दोपहर निजी बैंक के संविदाकर्मी 35 वर्षीय संतोष यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूत्रों के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जहरीले पदार्थ के सेवन से मौत की पुष्टि हुई है। जहर संतोष के शरीर में कैसे पहुंचा, यह सवाल बना हुआ है। मृतक की बहन ने कंपनी पर समय रहते अस्पताल न ले जाने का आरोप लगाया है।बेली गांव निवासी संतोष यादव निजी बैंक में संविदा पर इलेक्ट्रिशियन था। परिजनों के मुताबिक, बैंक के सुपरवाइजर ने शनिवार को उसे काम के लिए फाइनेंस कंपनी के कार्यालय भेजा था।
दोपहर करीब पौने तीन बजे कार्यालय में ही उसकी मौत हो गई। कंपनी के लोगों ने उनके गश खाकर गिरने की बात परिजनों को बताई। मौत को लेकर उठे सवालों के चलते करीब नौ घंटे बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मृतक की बहन नीतू यादव का आरोप है कि संतोष की तबीयत बिगड़ने पर कंपनी कर्मचारियों ने उन्हें अस्पताल नहीं पहुंचाया और सीसीटीवी फुटेज भी नहीं दिखाया। संतोष चार भाइयों में सबसे छोटे थे। परिवार में पत्नी रूपा, दो बेटे और एक बेटी हैं।


