संदिग्ध परिस्थितियों में नवविवाहिता का घर में मिला शव, हत्या की आशंका
इंदईपुर, अम्बेडकरनगर में नवविवाहिता गुलफिसा का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिला। उसके शरीर पर चकत्ते के निशान थे और सभी आभूषण गायब थे। मायके वालों ने दहेज हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

इंदईपुर, अम्बेडकरनगर,संवाददाता। हंसवर थाना क्षेत्र के केवटला गांव में बुधवार को संदिग्ध परिस्थिति में नवविवाहिता का शव उसके ससुराल में पाया गया। ससुरालीजन बिना मायके के लोगों को सूचना दिये शव की अंत्येष्टि के तैयारी में जुटे रहे। मामला संदिग्ध लगने पर पड़ोसी की सूचना पर मृतक के भाई ने 112 पुलिस को सूचना दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तत्काल शव को कब्जे में ले लिया। तत्पश्चात पहुंचे मायके के लोगों ने दहेज हत्या का आरोप लगाया।
हत्या का आरोप
हंसवर थाना क्षेत्र के जैनुद्दीनपुर निवासिनी गुलफिसा (22) का निकाह आठ माह पूर्व केवटला निवासी मोहम्मद तारिक के साथ हुई थी। मौजूदा समय में गुलफिशा छह माह की गर्भवती थी। मंगलवार देर शाम को गुलफिशां खा पीकर अपने कमरे में सोने के लिए गयी थी। लेकिन बुधवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में उसके कमरे के बेड पर गुलफिशा का शव पड़ा हुआ था। शव के चेहरे पर चकत्ते के निशान बने हुए थे। जबकि शरीर पर कोई जाहिरा चोट नहीं दिख रहा था।
अंत्येष्टि की तैयारी
शव के शरीर से मृतक के सभी आभूषण नदारत थे। सुबह मृतका की सास शव को देखकर परिजनों को सूचना दी। परिजन आनन फानन में महज दो किलोमीटर दूर मायके में सूचना दिए बगैर अंत्येष्टि की तैयारी में जुट गये। मामला संदिग्ध लगने पर मृतका के किसी पड़ोसी ने उसके मायके में सूचना दी। सूचना पर मृतका का भाई फैसल, परिजनों तथा अन्य ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंच गया तथा पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अभिनेष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गये तथा तत्काल आवश्यक जांच पड़ताल कर शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस की कार्रवाई
मृतका के भाई ने पति सास ससुर समेत अन्य ससुरालियों के खिलाफ हत्या करने का आरोप लगाया है। नायब तहसीलदार कौशल किशोर मिश्र ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। सीओ टांडा शुभम कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। इस संबंध में थानाध्यक्ष अभिनेष कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पंचनामा पर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। शव पर किसी चोट के निशान नहीं पाये गए है। प्रार्थना पत्र मिलने पर मुकदमा पंजीकृत कर आवश्यक जांच पड़ताल की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट पता चल सकेगा।
सामान्य पूछे जाने वाले प्रश्न
इस खबर पर आपकी क्या राय है?


