कटिहार : दहेज के लिए हत्या का आरोप, फंदे से लटकी मिली नवविवाहिता की लाश
आजमनगर के कालीबाड़ी गांव में एक नवविवाहित महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। मृतका की पहचान माला देवी के रूप में हुई है, जिसकी शादी दो साल पहले हुई थी। उनके पिता ने आरोप लगाया है कि दहेज के लिए अतिरिक्त पैसे की मांग को लेकर हत्या की गई। पुलिस जांच कर रही है।

कटिहार आजमनगर से मुन्तखब की रिपोर्ट आजमनगर। आजमनगर थाना क्षेत्र के बघौरा पंचायत के कालीबाड़ी गांव में एक नवविवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल कटिहार भेज दिया है। मामले में मृतका की सास को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। मृतका की पहचान माला देवी के रूप में हुई है। उसकी शादी करीब दो वर्ष पूर्व कालीबाड़ी निवासी छोटू कुमार विश्वास से हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। मृतका के पिता चंदन कुमार विश्वास ने आजमनगर थाना में आवेदन देकर आरोप लगाया है कि शादी के समय तीन लाख रुपये नकद तथा सोने-चांदी के आभूषण दहेज में दिए गए थे।
इसके बावजूद ससुराल पक्ष अतिरिक्त ढाई लाख रुपये की मांग कर रहा था। आर्थिक तंगी के कारण मांग पूरी नहीं होने पर उनकी पुत्री की हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया गया। आवेदन में यह भी कहा गया है कि घटना मंगलवार रात की है, लेकिन मायके पक्ष को इसकी सूचना बुधवार सुबह करीब आठ बजे दी गई। आरोप है कि पुलिस के पहुंचने से पहले ही ससुराल वालों ने शव को फंदे से उतार लिया तथा दहेज में दिए गए सामान भी घर से हटा दिए। घटना के बाद परिवार के अधिकांश सदस्य घर छोड़कर फरार हो गए, जिससे गांव में साक्ष्य मिटाने की आशंका की चर्चा है। इधर, थानाध्यक्ष नीरज कुमार ने बताया कि मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। आजमनगर थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मृतका की सास शीला देवी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पुलिस का कहना है कि आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मामले को लेकर गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है।


